
विधानसभा चुनाव-2023 : देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव-2023 की घोषणा किसी भी समय हो सकती है। भारत के चुनाव आयोग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व तेलंगाना तथा मिजोरम प्रदेशों के चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का दावा है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव-2023 भारत में लोकसभा के आम चुनाव का सेमी फाइनल है। विधानसभा चुनाव-2023 में भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। विश्लेषक दावा कर रहे हैं कि विधानसभा के ये चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व कांग्रेस के नेता राहुल गांधी का राजनीतिक भविष्य तय करेंगे।
जिन पांच राज्यों में 2023 के अंत में चुनाव होने वाले हैं उनमें राजस्थान सबसे बड़ा प्रदेश है। इस प्रदेश में सीधा मुकाबला वर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही कांग्रेस व भारतीय जनता पार्टी के बीच है। राजस्थान चुनाव 2023 को लेकर अलग-अलग एजेंसियों ने सर्वे कराए हैं। अधिकतर सर्वे रिपोट्स में राजस्थान में कांग्रेस व भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीट हैं। कांग्रेस के नेता 150 सीट जीतने के दावे कर रहे हैं। इसी प्रकार के दावे भाजपा की ओर से भी किए जा रहे हैं। विभिन्न मीडिया समूह के सर्वे दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर मानते हुए हार-जीत का अंतर 8 या 10 सीटों से अधिक नहीं बता रहे हैं।
मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव-2023 में कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट बढ़त मिलती हुई नजर आ रही है। इस प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान भाजपा के मुख्यमंत्री हैं। अधिकतर विश्लेषकों का मत है कि शिवराज सिंह चौहान के विरूद्ध मध्य प्रदेश में जबरदस्त हवा चल रही है। CM के विरूद्ध चल रही हवा के कारण ही मध्य प्रदेश में बड़ी एंटी कोम्बैन्सी का सामना भाजपा को करना पड़ रहा है। मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीट हैं। कांग्रेस के नेता इस बार के विधानसभा चुनाव में 180 तक सीट जीतने के दावे कर रहे हैं। भाजपा के आंतरिक सर्वे में पार्टी की कमजोर हालत को देखते हुए पार्टी ने अपने एक दर्जन सांसदों व केन्द्रीय मंत्रियों को चुनावी मैदान में उतार दिया है। भाजपा के रणनीतिकार कह रहे हैं कि मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रमों के बाद से हवा का रूख बदलना शुरू हो गया है। भाजपा के नेता एक बार फिर मध्य प्रदेश में सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं।
जिन पांच प्रदेशों में 2023 में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं उनमें छत्तीसगढ़ भी प्रमुख प्रदेश है। विश्लेषकों का दावा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी भाजपा पर बढ़त बनाए हुए है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा की कुल 90 सीट हैं। वर्ष-2018 में हुए चुनाव में यहां कांग्रेस पार्टी ने 68 सीट जीती थीं। इस बार कांग्रेस के नेता 75 सीट जीतने का दावा कर रहे हैं। कांग्रेस के दावे के ठीक उलट भाजपा के नेता छत्तीसगढ़ में 80 सीट तक जीतने का दावा कर रहे हैं।
तमाम विश्लेषकों का मत है कि पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव-2023 भारत के प्रधानमंत्री व भाजपा नेता नरेन्द्र मोदी तथा कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलांगना एंव मिजोरम में से अधिक से अधिक प्रदेशों को जीतने की होड़ कांग्रेस व भाजपा दोनों में लगी हुई है। दोनों में से जो भी पार्टी अधिक राज्य जीत जाएगी उसी पार्टी के प्रमुख नेता को बड़ा लाभ यह मिलेगा कि लोकसभा चुनाव 2024 में उतरने से पहले ही उस नेता के पक्ष में चुनावी हवा मोड़ ले लेगी। सभी विश्लेषक इस राय पर एकमत है कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव-2023 लोकसभा के आम चुनाव का रिहर्सल व सेमीफाइनल है। इस सेमीफाइनल को जीतने वाले नेता का राजनीतिक भविष्य बेहतर बनेगा।