विज्ञापन
Ladli Behna Yojana: राज्य सरकार के अनुसार लाडली बहना योजना की 37वीं किस्त के तहत प्रदेश की करीब एक करोड़ 25 लाख महिलाओं के खातों में कुल 1835 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी।

मध्य प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए आज का दिन खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर जिले के केसली विकासखंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाडली बहना योजना की 37वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान योजना से जुड़ी पात्र महिलाओं के बैंक खातों में एक क्लिक के जरिए राशि ट्रांसफर की जाएगी। लाडली बहना योजना राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक है जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। हर महीने मिलने वाली इस सहायता राशि का लाभ प्रदेश की करोड़ों महिलाएं उठा रही हैं।
राज्य सरकार के अनुसार लाडली बहना योजना की 37वीं किस्त के तहत प्रदेश की करीब एक करोड़ 25 लाख महिलाओं के खातों में कुल 1835 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। योजना की प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 1500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके दैनिक खर्चों में सहायता देने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर जिले के केसली विकासखंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान लाडली बहना योजना की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की भी सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवरी विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 190.85 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का शुभारंभ करेंगे। इनमें कई परियोजनाओं का लोकार्पण और कई नए कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। इन परियोजनाओं का संबंध सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा तकनीकी शिक्षा जैसे क्षेत्रों से है। सरकार का मानना है कि इन कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
जिन महिलाओं को योजना की किस्त का इंतजार है वे घर बैठे ऑनलाइन अपनी भुगतान स्थिति जांच सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट पर पहुंचने के बाद "आवेदन एवं भुगतान की स्थिति" वाले विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद लाभार्थी को अपनी समग्र आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना होगा। जानकारी भरने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी दर्ज करते ही भुगतान से जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देने लगेगी।
लाडली बहना योजना का लाभ मध्य प्रदेश की पात्र महिलाओं को दिया जाता है। योजना के लिए महिला का राज्य का निवासी होना जरूरी है। इसके साथ ही परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। योजना के नियमों के अनुसार परिवार में कोई सरकारी कर्मचारी नहीं होना चाहिए। वहीं परिवार के पास 5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि या फोर व्हीलर वाहन भी नहीं होना चाहिए। इस योजना का लाभ विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को दिया जाता है जिनकी आयु आवेदन के समय 21 से 60 वर्ष के बीच हो।
विज्ञापन