CM Pratigya Yojana: इस योजना के तहत युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर हर महीने 4 हजार रुपये से लेकर 11 हजार रुपये तक की राशि दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य युवाओं को काम का अनुभव दिलाना और उन्हें रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है।

बिहार के युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक खास योजना शुरू की है जिसके तहत बेरोजगार युवाओं को इंटर्नशिप का मौका देने के साथ हर महीने आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के जरिए 18 से 28 साल तक के युवा सरकारी, गैर सरकारी और निजी संस्थानों में इंटर्नशिप कर सकते हैं। इस योजना के तहत युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर हर महीने 4 हजार रुपये से लेकर 11 हजार रुपये तक की राशि दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य युवाओं को काम का अनुभव दिलाना और उन्हें रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है।
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना बिहार सरकार की एक इंटर्नशिप योजना है जिसके तहत युवाओं को अलग-अलग संस्थानों और कंपनियों में काम सीखने का अवसर दिया जाता है। योजना के तहत इंटर्नशिप की अवधि 3 महीने से लेकर 12 महीने तक हो सकती है। इंटर्नशिप पूरी करने के बाद युवाओं को सरकार की ओर से सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा जो भविष्य में नौकरी और करियर के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। बिहार शिक्षा विभाग ने योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इस योजना से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के तहत मिलने वाली राशि युवाओं की योग्यता के आधार पर तय की गई है। 12वीं पास और कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को हर महीने 4000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं ITI पास युवाओं को 5000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 6000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। अगर युवा अपने गृह जिले से बाहर जाकर इंटर्नशिप करता है तो उसे 3 महीने तक अतिरिक्त 2000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। वहीं बिहार से बाहर किसी कंपनी में इंटर्नशिप मिलने पर हर महीने 5000 रुपये तक की अतिरिक्त राशि का प्रावधान है।
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना का लाभ लेने के लिए युवाओं की उम्र 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इस योजना के माध्यम से युवा सरकारी विभागों, गैर सरकारी संस्थानों और निजी कंपनियों में इंटर्नशिप कर सकते हैं। इसका मकसद युवाओं को पढ़ाई के बाद काम का वास्तविक अनुभव देना है जिससे उन्हें रोजगार पाने में आसानी हो सके।
योजना के लिए आवेदन करने के लिए युवाओं को सबसे पहले मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के आधिकारिक पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके लिए उम्मीदवारों को cmpratigya.bihar.gov.in पोर्टल पर जाना होगा। यहां Candidate Registration के विकल्प पर क्लिक करके मांगी गई जानकारी भरनी होगी। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद युवाओं को लॉगिन आईडी और पासवर्ड मिलेगा। इसके बाद रजिस्टर्ड ईमेल आईडी और पासवर्ड की मदद से पोर्टल पर लॉगिन करके इंटर्नशिप के लिए आवेदन किया जा सकता है।
योजना के तहत उपलब्ध इंटर्नशिप के अवसरों की जानकारी भी पोर्टल पर ही मिल जाएगी। इसके लिए उम्मीदवारों को पोर्टल पर Explore Opportunities विकल्प पर जाना होगा। यहां राज्य, सेक्टर, उम्र और जेंडर के अनुसार कंपनियों और उपलब्ध अवसरों की जानकारी देखी जा सकती है। उम्मीदवार अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार कंपनी का चयन कर आवेदन कर सकते हैं।
विज्ञापन