विज्ञापन
Krishi Input Anudan Yojana: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीबीटी (DBT) के जरिए करीब 200 करोड़ रुपये किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए हैं। यह राशि उन किसानों को दी जा रही है जिनकी फसल प्राकृतिक आपदा की वजह से खराब हुई थी।

बिहार के किसानों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त मिलने के कुछ ही दिनों बाद राज्य के 3.96 लाख किसानों के खातों में पैसा भेजा गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीबीटी (DBT) के जरिए करीब 200 करोड़ रुपये किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए हैं। यह राशि उन किसानों को दी जा रही है जिनकी फसल प्राकृतिक आपदा की वजह से खराब हुई थी।
बिहार में मार्च महीने के दौरान कई जिलों में आंधी, तूफान, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ था। इसके बाद प्रभावित किसानों ने कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत आवेदन किया था। जांच के बाद 3.96 लाख किसानों को इस योजना के लिए पात्र पाया गया और अब उनके खातों में मुआवजे की राशि भेजी गई है। सरकार का कहना है कि यह मदद किसानों को फसल नुकसान से हुई आर्थिक परेशानी से राहत देने के लिए दी जा रही है।
जिन किसानों ने फसल नुकसान का आवेदन किया था वे घर बैठे अपने आवेदन और भुगतान की स्थिति देख सकते हैं। इसके लिए बिहार कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर जाकर आवेदन की स्थिति चेक की जा सकती है। पोर्टल पर जाकर कृषि इनपुट अनुदान योजना का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद पंजीकरण संख्या दर्ज कर संबंधित सीजन और वर्ष का चयन करना होगा। सर्च करने पर आवेदन और भुगतान से जुड़ी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।
कृषि इनपुट अनुदान योजना प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए चलाई जाती है। जब फसल को आंधी, बारिश, ओलावृष्टि, सूखा या अन्य प्राकृतिक कारणों से नुकसान होता है तब पात्र किसानों को इस योजना के तहत मुआवजा दिया जाता है। इस योजना का लाभ एक किसान परिवार को निर्धारित सीमा तक ही मिलता है। योजना के तहत परिवार की जानकारी आधार के जरिए सत्यापित की जाती है और पात्रता जांच के बाद सहायता राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
इस योजना के तहत गेहूं, मक्का, दलहन, सब्जियां, गन्ना, औषधीय और सुगंधित पौधों समेत कई फसलों को हुए नुकसान को शामिल किया जाता है। फसल खराब होने की स्थिति में किसान आवेदन कर आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य के कई जिलों में प्राकृतिक आपदा से फसलें प्रभावित हुई थीं। जिन किसानों के खाते में अभी तक राशि नहीं पहुंची है उनके मामलों की भी जांच की जा रही है और पात्र किसानों को जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ने की अपील भी की गई है ताकि भविष्य में फसल नुकसान होने पर उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा और आर्थिक सहायता मिल सके। फिलहाल जिन किसानों ने कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत आवेदन किया था वे अपने बैंक खाते और आवेदन की स्थिति जरूर जांच लें। पात्र पाए गए किसानों के खातों में मुआवजे की राशि भेजी जा रही है।
विज्ञापन