विज्ञापन
अगर आप वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन या किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ लेते हैं तो 30 मई से पहले एक जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर आपके खाते में आने वाली पेंशन की राशि रुक सकती है।

बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ लेने वाले लोगों के लिए बड़ी और जरूरी खबर सामने आई है। अगर आप वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन या किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ लेते हैं तो 30 मई से पहले एक जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर आपके खाते में आने वाली पेंशन की राशि रुक सकती है। राज्य सरकार ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी लाभुक समय रहते अपना जीवन प्रमाणीकरण यानी लाइफ सर्टिफिकेट जरूर करवा लें।
समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि सभी पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण 30 मई तक हर हाल में पूरा कराया जाए। सरकार चाहती है कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की पेंशन बीच में बंद न हो इसलिए इस प्रक्रिया को जरूरी बनाया गया है। मंत्री ने कहा कि जो लोग अब तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं करा पाए हैं वे जल्द से जल्द यह काम पूरा कर लें ताकि उन्हें आगे भी बिना किसी रुकावट के पेंशन मिलती रहे।
जीवन प्रमाणीकरण एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें यह पुष्टि की जाती है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है। सरकार समय-समय पर यह प्रक्रिया इसलिए करवाती है ताकि योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे और सही लोगों तक ही लाभ पहुंचे। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सरकार पेंशन की अगली किस्त जारी करती है। अगर कोई लाभुक तय समय तक लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं करता तो उसकी पेंशन अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है।
सरकार की ओर से बताया गया है कि पेंशनधारी अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे शिविरों में जाकर निशुल्क जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं। इस प्रक्रिया के लिए आधार कार्ड और जरूरी पहचान दस्तावेज साथ रखना जरूरी हो सकता है। कई जगहों पर बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए यह प्रक्रिया पूरी की जा रही है ताकि काम जल्दी और आसानी से हो सके।
बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ राज्य में बड़ी संख्या में लोग ले रहे हैं। मंत्री श्वेता गुप्ता के अनुसार अब तक करीब 91 लाख 25 हजार पेंशनधारी जीवन प्रमाणीकरण करा चुके हैं। राज्य में वृद्ध, विधवा, दिव्यांग, कुष्ठ पीड़ित और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता देने के लिए यह योजना चलाई जा रही है। सरकार का दावा है कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सभी पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
बिहार सरकार ने पहले ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर बड़ी राहत दी थी। पहले जहां लाभुकों को 400 रुपये प्रति माह मिलते थे वहीं अब यह राशि बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। इस फैसले से राज्य के लाखों गरीब और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक मदद मिली है। खासकर बुजुर्ग, विधवा महिलाओं और दिव्यांग लोगों के लिए यह योजना काफी सहारा बन रही है।
अगर आपके परिवार में कोई व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रहा है तो यह खबर बिल्कुल नजरअंदाज न करें। 30 मई से पहले जीवन प्रमाणीकरण जरूर करा लें ताकि आगे आने वाली पेंशन बिना किसी परेशानी के खाते में आती रहे। सरकार भी लगातार लोगों से अपील कर रही है कि आखिरी तारीख का इंतजार न करें और जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें।
विज्ञापन