विज्ञापन
Pink Saheli Smart Card: जानकारी के मुताबिक, जुलाई से गुलाबी टिकट पूरी तरह बंद किए जा सकते हैं। सरकार अब इस सुविधा को डिजिटल सिस्टम से जोड़ना चाहती है ताकि यात्रा का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन रखा जा सके और किसी तरह के गलत इस्तेमाल को रोका जा सके।

Delhi Pink Ticket: दिल्ली में बसों में मुफ्त सफर करने वाली महिलाओं के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अगर आपने अभी तक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं बनवाया है तो अब इसे जल्द बनवाना जरूरी हो गया है। दिल्ली सरकार जल्द ही गुलाबी टिकट व्यवस्था को पूरी तरह बंद करने की तैयारी में है। इसके बाद DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ सिर्फ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जिनके पास पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड होगा।
जानकारी के मुताबिक, जुलाई से गुलाबी टिकट पूरी तरह बंद किए जा सकते हैं। सरकार अब इस सुविधा को डिजिटल सिस्टम से जोड़ना चाहती है ताकि यात्रा का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन रखा जा सके और किसी तरह के गलत इस्तेमाल को रोका जा सके।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद महिलाओं को बस में चढ़ते समय अपने स्मार्ट कार्ड को इलेक्ट्रॉनिक मशीन पर टैप करना होगा। इसके बाद ही उनकी यात्रा दर्ज होगी और फ्री सफर मान्य होगा। सरकार का कहना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और यह भी पता चल सकेगा कि रोज कितनी महिलाएं इस सुविधा का इस्तेमाल कर रही हैं। साथ ही नकली टिकट या गलत एंट्री जैसी समस्याओं पर भी रोक लगेगी।
दिल्ली में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की शुरुआत साल 2019 में हुई थी। उस समय आम आदमी पार्टी सरकार ने गुलाबी टिकट योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत महिलाओं को DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर की सुविधा दी गई थी। अब नई सरकार इस सुविधा को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड यानी NCMC प्लेटफॉर्म से जोड़ रही है। इसका मकसद पूरी व्यवस्था को डिजिटल बनाना है ताकि आने वाले समय में यात्रा व्यवस्था और आसान हो सके।
यह कार्ड सिर्फ दिल्ली की महिलाओं के लिए जारी किया जा रहा है यानी नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद या दूसरे NCR शहरों में रहने वाली महिलाएं फिलहाल इसका लाभ नहीं ले सकेंगी। स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए महिला की उम्र कम से कम 12 साल होनी चाहिए। इसके अलावा आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, दिल्ली का वोटर आईडी और एक फोटो जरूरी होगी।
दिल्ली में कई जगहों पर पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाए जा रहे हैं। सरकार ने अलग-अलग जिलों और DTC पास सेक्शन में इसके लिए सेंटर बनाए हैं। यहां सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कार्ड बनवाए जा सकते हैं। SDM ऑफिस, DTC डिपो और कई पास सेक्शन पर महिलाएं जाकर आवेदन कर सकती हैं। सरकार का दावा है कि अब तक लाखों महिलाएं यह स्मार्ट कार्ड बनवा चुकी हैं।
अगर किसी महिला ने समय रहते कार्ड नहीं बनवाया तो आने वाले समय में मुफ्त बस यात्रा में दिक्कत आ सकती है क्योंकि गुलाबी टिकट बंद होने के बाद सिर्फ स्मार्ट कार्ड ही मान्य होगा। ऐसे में जिन महिलाओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है उनके लिए जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करना जरूरी हो गया है। सरकार भी लगातार लोगों से अपील कर रही है कि वे समय रहते कार्ड बनवा लें ताकि बाद में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन