विज्ञापन
PM Vikasit Bharat Rozgar Yojana: प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि, यह पहल युवाओं को रोजगार से जोड़ने और सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

PM VBRY Scheme: देश के लाखों युवाओं और छोटे कारोबारियों के लिए आज का दिन खास हो सकता है। अगर आपको हाल ही में पहली बार नौकरी मिली है या आप किसी ऐसे संस्थान से जुड़े हैं जहां नए कर्मचारियों की भर्ती हुई है तो आपके लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' (PM-VBRY) के तहत 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी करने जा रहे हैं। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। सरकार का कहना है कि, इस योजना से नए कर्मचारियों और रोजगार देने वाले संस्थानों दोनों को फायदा मिलेगा। आइए जानते हैं इस योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे आयोजित होने वाले एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' के तहत लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि जारी करेंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि, यह पहल युवाओं को रोजगार से जोड़ने और सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया के अनुसार, इस योजना के तहत लगभग 15 लाख लाभार्थियों को फायदा मिलने जा रहा है। राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कुछ नए कर्मचारियों और नियोक्ताओं से बातचीत भी करेंगे जिन्होंने इस योजना का लाभ प्राप्त किया है।
सरकार ने इस योजना को रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किया है। खासतौर पर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नई नौकरियों को बढ़ावा देने के लिए योजना का दायरा बढ़ाया गया है। सरकार के अनुसार अब इस योजना के लाभ को चार साल तक जारी रखने का प्रावधान किया गया है ताकि रोजगार सृजन की प्रक्रिया को और मजबूती मिल सके।
श्रम मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के लिए सरकार ने कुल 99,446 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इस योजना का लक्ष्य अगले दो वर्षों के भीतर देश में 3.5 करोड़ नई नौकरियों के अवसर तैयार करना है। सरकार का मानना है कि इससे युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ उद्योगों को भी प्रशिक्षित और नए कर्मचारी उपलब्ध होंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2025 से अब तक 63 लाख से अधिक युवा पहली बार औपचारिक रोजगार व्यवस्था का हिस्सा बने हैं। इनमें करीब 30 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं। योजना का लाभ केवल नौकरी पाने वाले युवाओं तक सीमित नहीं है। इसके तहत रोजगार देने वाले संस्थानों और छोटे कारोबारों को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। सरकार के मुताबिक, योजना के पार्ट-बी के अंतर्गत लाभ लेने वाले 80 प्रतिशत से अधिक संस्थान ऐसे हैं जहां 25 से कम कर्मचारी कार्यरत हैं। इससे छोटे और उभरते व्यवसायों को भी मजबूती मिल रही है।
आज आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ देशभर के लगभग 200 औद्योगिक क्लस्टर्स में भी विशेष आयोजन किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि वर्चुअल या प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे। सरकार का उद्देश्य रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
यदि आप हाल ही में पहली बार किसी औपचारिक नौकरी से जुड़े हैं या आपकी संस्था इस योजना के तहत पंजीकृत है तो आप अपने बैंक खाते और संबंधित संस्थान से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। राशि DBT के माध्यम से सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी इसलिए लाभार्थियों को बैंक से मिलने वाले संदेशों पर भी नजर रखनी चाहिए।
विज्ञापन