Thalapathy Vijay Government Scheme: तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने बजट पेश करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विजय राज्य की हर महिला को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं।

तमिलनाडु की राजनीति में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ थलपति विजय की सरकार ने अपना पहला बजट पेश कर दिया है। तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) सरकार के इस बजट में महिलाओं के लिए कई बड़ी योजनाओं की घोषणा की गई है। सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी आजीविका बढ़ाने के उद्देश्य से कई योजनाओं के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया है। तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने बजट पेश करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विजय राज्य की हर महिला को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं। इसी सोच के तहत महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं शुरू की जा रही हैं जिनमें शादी के समय सोने का सिक्का और रेशमी साड़ी देने से लेकर स्वरोजगार के लिए गाय और बकरी उपलब्ध कराने तक के प्रावधान शामिल हैं।
TVK सरकार ने महिलाओं के लिए सबसे बड़ा ऐलान अन्नन सीर योजना को लेकर किया है। इस योजना के लिए सरकार ने 812 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। योजना के तहत पात्र महिलाओं की शादी के मौके पर सरकार की ओर से 8 ग्राम सोने का सिक्का और एक रेशमी साड़ी उपहार के रूप में दी जाएगी। अन्नन सीर योजना का अर्थ होता है बड़े भाई की ओर से शादी में दिया जाने वाला उपहार। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में मदद करना है। सरकार का कहना है कि इससे गरीब परिवारों पर शादी के खर्च का बोझ कुछ कम होगा।
अन्नन सीर योजना कोई नई योजना नहीं है। इसे साल 1989 में तत्कालीन डीएमके सरकार ने शुरू किया था। बाद में 2011 में पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता ने इसमें बदलाव किए थे। उस समय योजना के तहत 4 ग्राम सोना और 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी। साल 2016 में सोने की मात्रा बढ़ाकर 8 ग्राम कर दी गई थी। हालांकि कोरोना महामारी के दौरान 2020 में यह योजना कुछ समय के लिए बंद हो गई थी। बाद में लंबित आवेदनों को पूरा किया गया लेकिन नए आवेदन स्वीकार नहीं किए गए। अब मुख्यमंत्री विजय ने चुनावी वादे के अनुसार इस योजना को दोबारा शुरू करने का फैसला किया है।
महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने पशुपालन से जुड़ी एक और योजना का ऐलान किया है। इसके तहत हर साल 10 हजार पात्र महिलाओं को दूध देने वाली गाय मुफ्त में दी जाएगी। इस योजना के लिए सरकार ने 57 करोड़ रुपये का बजट रखा है। एक गाय की खरीद के लिए करीब 57 हजार रुपये तक का प्रावधान किया गया है। हालांकि योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं को गाय से मिलने वाला दूध तमिलनाडु की डेयरी संस्था आविन (Aavin) को बेचना होगा।
TVK सरकार ने महिलाओं के लिए पशुपालन से जुड़ी एक अन्य योजना 'वेत्री मगलिर बकरी पालन योजना' की भी घोषणा की है। इस योजना के तहत निराश्रित विधवाओं, परित्यक्त महिलाओं, ट्रांसजेंडर और दिव्यांग लोगों को बकरी या भेड़ पालन के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच बकरी या भेड़ खरीदने के लिए 100 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। सरकार ने इस योजना के लिए 110 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। इससे करीब 30 हजार लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
तमिलनाडु सरकार के पहले बजट में महिलाओं से जुड़ी योजनाओं को काफी महत्व दिया गया है। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं बल्कि महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। शादी सहायता योजना से लेकर पशुपालन योजनाओं तक, सरकार ने महिलाओं के अलग-अलग वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का खाका तैयार किया है। खासतौर पर ग्रामीण और कमजोर आर्थिक स्थिति वाली महिलाओं को इन योजनाओं से सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन