विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अब खुद का काम शुरू करना पहले से आसान होता जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना ने हजारों युवाओं के सपनों को जमीन पर उतारने का रास्ता बनाया है।

उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अब खुद का काम शुरू करना पहले से आसान होता जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना ने हजारों युवाओं के सपनों को जमीन पर उतारने का रास्ता बनाया है। खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश में इस योजना को लेकर युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है इसी वजह से सरकार ने इसका दायरा भी बढ़ा दिया है। अब पहले के मुकाबले ज्यादा युवाओं को इस योजना का फायदा मिलेगा और वे अपना बिजनेस शुरू कर सकेंगे। उत्तर प्रदेश के छोटे शहरों और गांवों में भी इस योजना ने नई उम्मीद जगाई है जहां युवा नौकरी के बजाय खुद का रोजगार शुरू करने की तरफ बढ़ रहे हैं।
इस योजना में सरकार 5 लाख रुपये तक का बिना ब्याज लोन देती है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पूरा पैसा सीधे आपके खाते में आ जाएगा। असल में यह लोन आपके प्रोजेक्ट की लागत के हिसाब से तय होता है। आपको अपने प्रोजेक्ट में कुछ हिस्सा खुद भी लगाना पड़ता है। उदाहरण के तौर पर अगर आप 3 लाख रुपये का काम शुरू करना चाहते हैं तो उसमें से एक हिस्सा आपको अपनी जेब से लगाना होगा और बाकी राशि बैंक लोन के रूप में देगा।
इस योजना में अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से आपको अपना योगदान देना होता है। सामान्य वर्ग के युवाओं को अपने प्रोजेक्ट का लगभग 15 फीसदी हिस्सा खुद लगाना होता है। वहीं OBC वर्ग के लिए यह करीब 12.5 फीसदी है जबकि SC/ST और दिव्यांग वर्ग के लिए यह सिर्फ 10 फीसदी रखा गया है यानी अगर आपका प्रोजेक्ट 3 लाख रुपये का है और आप सामान्य वर्ग से आते हैं तो आपको करीब 45 हजार रुपये खुद लगाने होंगे और बाकी रकम लोन के रूप में मिलेगी।
अगर आप इस योजना के तहत लिया गया पहला लोन समय पर चुका देते हैं तो आपके लिए आगे और बड़ा मौका खुलता है। दूसरे चरण में आप अपने बिजनेस को और बढ़ाने के लिए 10 लाख रुपये तक का प्रोजेक्ट शुरू कर सकते हैं। इसमें 7.5 लाख रुपये तक के लोन पर सरकार की तरफ से ब्याज में छूट भी मिलती है जिससे कारोबार को आगे बढ़ाना आसान हो जाता है।
इस योजना का फायदा लेने के लिए आपका बैंक रिकॉर्ड साफ होना चाहिए। अगर आपने पहले किसी बैंक का लोन नहीं चुकाया है या डिफॉल्ट किया है तो आपको इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा आपका CIBIL स्कोर भी अहम भूमिका निभाता है। आम तौर पर 670 या उससे ज्यादा का स्कोर अच्छा माना जाता है। हालांकि अगर आपका कोई क्रेडिट हिस्ट्री नहीं है, तो भी आवेदन किया जा सकता है।
यह योजना सिर्फ लोन देने तक सीमित नहीं है बल्कि यह उत्तर प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में जहां रोजगार के मौके कम होते हैं वहां यह योजना नई शुरुआत का जरिया बन रही है। आज उत्तर प्रदेश में हजारों युवा इस योजना का फायदा उठाकर अपना खुद का बिजनेस शुरू कर चुके हैं और दूसरों के लिए भी रोजगार पैदा कर रहे हैं। यही वजह है कि यह योजना धीरे-धीरे पूरे राज्य में लोकप्रिय होती जा रही है।
विज्ञापन