Delhi Laxmi Yojana: दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता मिलेगी। योजना में आवेदन के लिए सांसद या विधायक की चिट्ठी समेत जरूरी दस्तावेजों की जानकारी यहां जानें।

दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं के लिए बड़ी खबर है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और बड़ी संख्या में महिलाएं रजिस्ट्रेशन भी करा चुकी हैं। हालांकि, अगर आप इस योजना का लाभ लेना चाहती हैं तो आवेदन से पहले जरूरी दस्तावेजों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। योजना के आवेदन के लिए अपने क्षेत्र के सांसद या विधायक की चिट्ठी (सिफारिश पत्र) भी जरूरी दस्तावेजों में शामिल की गई है। इसके बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाएगी।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली लक्ष्मी योजना के आवेदन में सबसे ज्यादा चर्चा सांसद या विधायक की चिट्ठी को लेकर हो रही है। इस पत्र के जरिए आवेदक की जानकारी और पात्रता का सत्यापन किया जाएगा। अगर आप योजना की बाकी सभी शर्तों को पूरा करती हैं तो अपने क्षेत्र के सांसद या विधायक के कार्यालय जाकर इस पत्र के लिए आवेदन कर सकती हैं। वहां जरूरी दस्तावेजों की जांच के बाद आपको यह पत्र जारी किया जाएगा।
दिल्ली लक्ष्मी योजना में आवेदन करने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। इनमें पहचान, पता, आय और बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं। आवेदन के लिए मुख्य रूप से सांसद या विधायक की चिट्ठी, दिल्ली का स्थायी पता वाला आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पैन कार्ड, आय प्रमाण पत्र और आधार से लिंक बैंक अकाउंट की जानकारी जरूरी होगी। इसके अलावा आवेदकों को कुछ अन्य दस्तावेज भी तैयार रखने होंगे ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न आए।
अगर आपको सांसद या विधायक का पत्र बनवाना है तो उनके कार्यालय जाते समय जरूरी कागजात साथ लेकर जाएं। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही पत्र जारी किया जाएगा। इसके लिए आधार कार्ड और उससे जुड़ा मोबाइल नंबर, वोटर आईडी कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड (अगर उपलब्ध हो), दो पासपोर्ट साइज फोटो, आय की जानकारी, बिजली-पानी या गैस का बिल और पैन कार्ड जैसे दस्तावेज साथ ले जाना जरूरी होगा।
सांसद या विधायक की चिट्ठी मिलने के बाद आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकती है। इसके लिए सबसे पहले सभी जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी या फोटो अपने मोबाइल में सुरक्षित रखनी होगी। इसके बाद दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मिली आईडी से लॉगिन करके आवेदन फॉर्म भरना होगा। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी सही-सही भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और अंत में आवेदन सबमिट करना होगा।
दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत 1 अगस्त से की गई थी। पोर्टल लॉन्च होने के बाद अब तक बड़ी संख्या में महिलाएं इस योजना के लिए आवेदन कर चुकी हैं। सरकार का उद्देश्य इस योजना के जरिए दिल्ली की पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर उन्हें मजबूत बनाना है। हालांकि, आवेदन करने से पहले सभी दस्तावेजों को तैयार रखना जरूरी है ताकि फॉर्म भरते समय किसी तरह की परेशानी न हो।
विज्ञापन