EPFO New Update: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) लगातार अपनी सेवाओं को आसान और तेज बनाने पर काम कर रहा है। नई व्यवस्था के तहत अब पीएफ क्लेम का निपटारा पहले के मुकाबले काफी तेजी से किया जा रहा है।

अगर आप नौकरी करते हैं और हर महीने आपकी सैलरी से पीएफ (Provident Fund) कटता है तो आपके लिए राहत भरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) लगातार अपनी सेवाओं को आसान और तेज बनाने पर काम कर रहा है। नई व्यवस्था के तहत अब पीएफ क्लेम का निपटारा पहले के मुकाबले काफी तेजी से किया जा रहा है। अब कर्मचारियों को अपना ही पैसा निकालने के लिए लंबे समय तक इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऑनलाइन क्लेम करने के बाद कई मामलों में पैसा एक या दो दिन के अंदर बैंक खाते में पहुंच सकता है।
EPFO के अधिकारियों के मुताबिक, सिस्टम में किए गए बदलावों का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में पीएफ क्लेम अब ऑटो-सेटल प्रक्रिया के जरिए अपने आप मंजूर हो रहे हैं। बताया गया है कि करीब 90 फीसदी क्लेम बिना ज्यादा प्रक्रिया के तेजी से निपटाए जा रहे हैं। इससे उन कर्मचारियों को सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है जिन्हें अचानक पैसों की जरूरत पड़ती है। बीमारी, शादी, घर बनाने या अन्य जरूरी कामों के लिए पीएफ से पैसा निकालने वाले कर्मचारियों को अब पहले की तुलना में कम समय में रकम मिल सकती है।
पहले पीएफ से पैसा निकालने के लिए कर्मचारियों को कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे और प्रक्रिया पूरी होने में काफी समय लग जाता था लेकिन अब EPFO ने ऑनलाइन सिस्टम को मजबूत किया है। कर्मचारी घर बैठे ऑनलाइन पीएफ निकासी के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन सही पाए जाने पर क्लेम का निपटारा तेजी से किया जा रहा है और पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाता है।
EPFO आने वाले समय में पीएफ क्लेम को और आसान बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत BHIM ऐप के जरिए क्लेम की राशि ट्रांसफर करने की सुविधा शुरू करने की योजना है। अगर यह व्यवस्था लागू होती है तो कर्मचारियों को पीएफ का पैसा सीधे उस बैंक खाते में मिल सकेगा जो उनके UPI से जुड़ा होगा। इससे पैसे के ट्रांसफर की प्रक्रिया और ज्यादा तेज और आसान हो जाएगी।
सरकार अब पीएफ और सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत ई-कॉमर्स कंपनियों में काम करने वाले डिलीवरी बॉय और असंगठित क्षेत्र के दिहाड़ी मजदूरों को भी सुरक्षा देने की योजना बनाई जा रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद गिग वर्कर्स और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लाखों लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने में मदद मिल सकती है।
पीएफ खाताधारकों के लिए ब्याज दर को लेकर फिलहाल कोई नया बदलाव नहीं किया गया है। अभी कर्मचारियों को पीएफ पर 8.25 फीसदी ब्याज मिल रहा है। EPFO ने हाल ही में करोड़ों खाताधारकों के खातों में ब्याज की राशि ट्रांसफर की है। विभाग का कहना है कि उसका लक्ष्य कर्मचारियों और कंपनियों के लिए ईपीएफओ की सेवाओं को ज्यादा सरल और भरोसेमंद बनाना है।
विज्ञापन