विज्ञापन
मई का आधा महीना बीत जाने के बाद भी योजना को लेकर कोई साफ जानकारी सामने नहीं आई थी। अब कई महिलाओं के मोबाइल पर पैसे जमा होने के मैसेज आने के बाद माना जा रहा है कि सरकार धीरे-धीरे लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर कर रही है।

महाराष्ट्र सरकार की मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। अप्रैल महीने की किस्त का इंतजार कर रहीं लाखों महिलाओं के लिए राहत भरी जानकारी मिली है। कई महिला लाभार्थियों के मोबाइल पर 14 मई से 1500 रुपये खाते में जमा होने के मैसेज आने शुरू हो गए हैं। इसके बाद योजना की अप्रैल किस्त को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि सरकार की तरफ से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन महिलाओं के खातों में पैसे पहुंचने की खबरों से उम्मीद बढ़ गई है कि अप्रैल महीने की किस्त जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
पिछले कुछ दिनों से महिलाएं लगातार यह जानना चाह रही थीं कि आखिर अप्रैल महीने की किस्त कब आएगी। मई का आधा महीना बीत जाने के बाद भी योजना को लेकर कोई साफ जानकारी सामने नहीं आई थी। अब कई महिलाओं के मोबाइल पर पैसे जमा होने के मैसेज आने के बाद माना जा रहा है कि सरकार धीरे-धीरे लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर कर रही है। हालांकि सभी महिलाओं के खाते में एक साथ पैसा नहीं पहुंचा है इसलिए कई लोग अभी भी अपनी किस्त का इंतजार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना में गड़बड़ी और फर्जी लाभार्थियों की शिकायतों के बाद सरकार ने eKYC प्रक्रिया को जरूरी कर दिया था। इसके लिए महिलाओं को 30 अप्रैल तक eKYC पूरा करने का समय दिया गया था। सरकार ने इसके लिए योजना के आधिकारिक पोर्टल पर सुविधा भी दी थी जहां महिलाएं ऑनलाइन eKYC कर सकती थीं लेकिन अब पोर्टल से eKYC लिंक हटा दिया गया है। सरकार का कहना था कि सही लाभार्थियों तक योजना का फायदा पहुंचाने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी थी।
जानकारी के मुताबिक करीब 70 लाख महिलाएं तय समय तक eKYC पूरा नहीं कर पाईं। इसके बाद इन लाभार्थियों के नाम योजना की सूची से हटा दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि जिन महिलाओं ने eKYC नहीं कराया उनकी अप्रैल किस्त फिलहाल रोक दी गई है। यही वजह है कि कई महिलाओं के खाते में अब तक पैसे नहीं पहुंचे हैं। इस फैसले के बाद राज्य में कई महिलाओं के बीच चिंता की स्थिति बनी हुई है क्योंकि बड़ी संख्या में लोगों को योजना से बाहर कर दिया गया है।
अगर आपका नाम भी लाडकी बहिण योजना की सूची से हट गया है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। फिलहाल ऑनलाइन सुधार की सुविधा बंद कर दी गई है लेकिन महिलाएं अपने नजदीकी महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में जाकर शिकायत दर्ज करा सकती हैं। अगर आप योजना की पात्रता पूरी करती हैं, तो जरूरी दस्तावेजों के साथ अधिकारियों से संपर्क कर सकती हैं। विभाग की तरफ से जांच के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर के जरिए भी जानकारी ली जा सकती है।
सरकार इससे पहले मार्च महीने की किस्त महिलाओं के खातों में ट्रांसफर कर चुकी है। अब अप्रैल किस्त को लेकर धीरे-धीरे अपडेट सामने आ रहे हैं। महिलाएं लगातार अपने बैंक खाते और मोबाइल मैसेज चेक कर रही हैं ताकि उन्हें किस्त मिलने की जानकारी मिल सके। कई लाभार्थियों का कहना है कि यह योजना उनके घर के खर्च में बड़ी मदद करती है।
मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना महाराष्ट्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक मानी जा रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है जिससे उन्हें घर खर्च और जरूरी जरूरतों में मदद मिलती है। राज्य की लाखों महिलाएं इस योजना से जुड़ी हुई हैं। यही वजह है कि हर महीने किस्त जारी होने का इंतजार बड़ी संख्या में लोग करते हैं। अब सभी की नजर इस बात पर बनी हुई है कि सरकार अप्रैल किस्त को लेकर आधिकारिक घोषणा कब करती है और बाकी लाभार्थियों के खाते में पैसा कब तक पहुंचता है।
विज्ञापन