विज्ञापन
बताया जा रहा है कि इस बार लाडली बहना योजना का कार्यक्रम नरसिंहपुर में आयोजित किया जा सकता है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है।

मध्य प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की अगली किस्त का इंतजार अब खत्म होने वाला है। जानकारी के मुताबिक, 13 मई को मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 36वीं किस्त महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस बार भी राज्य की करीब 1.25 करोड़ महिलाओं को 1500-1500 रुपये का लाभ मिलेगा। हालांकि सरकार की तरफ से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि इस बार लाडली बहना योजना का कार्यक्रम नरसिंहपुर में आयोजित किया जा सकता है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई हैं। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
लाडली बहना योजना मध्य प्रदेश सरकार की सबसे चर्चित योजनाओं में से एक बन चुकी है। हर महीने महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने से बड़ी संख्या में परिवारों को राहत मिल रही है। इस बार भी सरकार 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर करने की तैयारी में है। पिछली किस्त अप्रैल महीने में जारी की गई थी और अब मई की किस्त को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। कई महिलाएं लगातार अपने बैंक खाते और योजना की स्थिति चेक कर रही हैं ताकि उन्हें समय पर जानकारी मिल सके।
अगर आप जानना चाहती हैं कि आपके खाते में लाडली बहना योजना की किस्त आएगी या नहीं तो यह काम घर बैठे ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके लिए योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन और भुगतान की स्थिति चेक करनी होगी। पोर्टल पर समग्र आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर डालने के बाद मोबाइल पर OTP आएगा। OTP भरते ही आपकी किस्त और आवेदन की स्थिति स्क्रीन पर दिखाई देने लगेगी। इससे यह भी पता चल जाएगा कि आपका नाम योजना में एक्टिव है या नहीं।
सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि जिन महिलाओं ने eKYC पूरी नहीं कराई है उनकी किस्त अटक सकती है। जानकारी के मुताबिक अब तक एक लाख से ज्यादा नाम योजना से हटाए जा चुके हैं। ऐसे में जिन महिलाओं ने अभी तक eKYC नहीं कराई है, उन्हें जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जा रही है। eKYC के लिए समग्र पोर्टल पर जाकर आधार नंबर और बायोमेट्रिक की मदद से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंचे।
लाडली बहना योजना के नए रजिस्ट्रेशन को लेकर अभी तक कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है। साल 2023 के बाद से नए आवेदन बंद हैं और अब भी लाखों महिलाएं योजना में शामिल होने का इंतजार कर रही हैं। हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए इस वित्त वर्ष में नए आवेदन शुरू होने की संभावना काफी कम मानी जा रही है। सरकार फिलहाल पुराने लाभार्थियों को समय पर राशि पहुंचाने पर ज्यादा ध्यान दे रही है।
लाडली बहना योजना ने मध्य प्रदेश की कई महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद की है। गांव से लेकर शहर तक बड़ी संख्या में महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल घर के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और जरूरी जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। यही वजह है कि हर महीने किस्त जारी होने से पहले महिलाओं के बीच उत्सुकता बढ़ जाती है। अब सभी की नजर कल (13 मई) पर टिकी हुई है जब योजना की अगली किस्त खातों में पहुंचने की उम्मीद है।
विज्ञापन