Lokmata Ahilyabai Matrushakti Yojana: इस सुविधा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को किसी दफ्तर के चक्कर लगाने या अलग से कोई आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, बस में सफर के दौरान उम्र और पहचान से जुड़े जरूरी दस्तावेज साथ रखना जरूरी होगा।

रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं के लिए योगी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत अब 60 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। सरकार की इस पहल से प्रदेश की करीब 1 करोड़ महिलाओं को फायदा मिलने की बात कही गई है। खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को किसी दफ्तर के चक्कर लगाने या अलग से कोई आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, बस में सफर के दौरान उम्र और पहचान से जुड़े जरूरी दस्तावेज साथ रखना जरूरी होगा।
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को राज्य परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। योजना के तहत UPSRTC की 14,244 बसों में पात्र बुजुर्ग महिलाएं मुफ्त सफर कर सकेंगी। इसका मतलब है कि प्रदेश के भीतर बस से यात्रा करते समय उन्हें किराये का भुगतान नहीं करना होगा। यह सुविधा उन महिलाओं के लिए खास तौर पर मददगार हो सकती है जिन्हें रिश्तेदारों से मिलने, धार्मिक स्थलों पर जाने या किसी दूसरे जरूरी काम से बस से सफर करना पड़ता है।
इस योजना का लाभ लेने के लिए सबसे जरूरी शर्त उम्र है। महिला की उम्र 60 साल या उससे अधिक होनी चाहिए। इसके साथ महिला का उत्तर प्रदेश की नागरिक होना जरूरी है। अगर महिला इन शर्तों को पूरा करती है तो वह योजना के तहत यूपी परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकती है।
इस योजना की सबसे राहत वाली बात यह है कि पात्र महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा के लिए अलग से कोई फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी। यानी योजना का लाभ लेने के लिए किसी कार्यालय में जाकर आवेदन करने, ऑनलाइन फॉर्म भरने या किसी लंबी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं है। पात्रता पूरी होने पर महिला यात्रा के दौरान जरूरी दस्तावेज दिखाकर इस सुविधा का लाभ ले सकती है।
मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए सिर्फ उम्र बताना पर्याप्त नहीं होगा। यात्रा के दौरान महिला को अपनी पहचान और उम्र साबित करने वाले दस्तावेज साथ रखने होंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश के पते वाला आधार कार्ड साथ रखना जरूरी है। इसके अलावा उम्र या जन्मतिथि साबित करने के लिए इनमें से कोई दस्तावेज रखा जा सकता है जिसमें जन्मतिथि दर्ज हो- आधार कार्ड , वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड। इन दस्तावेजों के जरिए उम्र की पुष्टि की जा सकेगी। इसलिए बस से निकलने से पहले जरूरी कागज अपने साथ रखना बेहतर रहेगा।
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना की एक और खास बात यह है कि इसमें आय की कोई सीमा नहीं है। यानी महिला की उम्र 60 साल या उससे अधिक है और वह उत्तर प्रदेश की नागरिक है तो केवल ज्यादा या कम आय के आधार पर उसे इस सुविधा से बाहर नहीं किया जाएगा। इस तरह योजना का फायदा पात्र बुजुर्ग महिलाओं को उनकी आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना मिल सकेगा। सरकार की ओर से इस योजना से करीब 1 करोड़ बुजुर्ग महिलाओं को लाभ मिलने की बात कही गई है। यूपी परिवहन निगम की 14,244 बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाली पात्र महिलाओं के लिए आवागमन आसान हो सकता है।
विज्ञापन