विज्ञापन
समाज कल्याण विभाग के अनुसार इस वर्ष भी हजारों छात्र-छात्राओं ने योजना में रुचि दिखाई है। 1 जून तक 5513 से अधिक अभ्यर्थी पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके हैं जबकि 2848 उम्मीदवारों ने अपना आवेदन अंतिम रूप देकर लॉक भी कर दिया है।

सिविल सेवा में जाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार बड़ी सौगात लेकर आई है। IAS, PCS और अन्य प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी करने वाले ऐसे छात्र-छात्राएं, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग नहीं कर पाते अब मुफ्त में विशेषज्ञ मार्गदर्शन हासिल कर सकते हैं। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित निःशुल्क IAS/PCS कोचिंग योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और इच्छुक अभ्यर्थी 18 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह योजना खास तौर पर उन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए शुरू की गई है जो प्रशासनिक सेवाओं में जाकर समाज और देश की सेवा करना चाहते हैं। पिछले कुछ वर्षों में इस योजना के प्रति छात्रों का रुझान तेजी से बढ़ा है और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इसका लाभ उठा रहे हैं।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार इस वर्ष भी हजारों छात्र-छात्राओं ने योजना में रुचि दिखाई है। 1 जून तक 5513 से अधिक अभ्यर्थी पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके हैं जबकि 2848 उम्मीदवारों ने अपना आवेदन अंतिम रूप देकर लॉक भी कर दिया है।
प्रदेशभर में इस योजना के तहत कुल 865 सीटें निर्धारित की गई हैं। खास बात यह है कि इनमें 25 प्रतिशत सीटें उन अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित रखी गई हैं जिन्होंने पहले ही प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) पास कर ली है और मुख्य परीक्षा (Mains) की तैयारी कर रहे हैं। इससे ऐसे उम्मीदवारों को बेहतर मार्गदर्शन और विशेषज्ञ सहायता मिल सकेगी।
फ्री कोचिंग योजना में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार 18 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन परीक्षा 5 जुलाई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रदेश के विभिन्न कोचिंग केंद्रों में निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को समाज कल्याण विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ने के बाद ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरना होगा। फॉर्म में उम्मीदवार को अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, जनपद, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज करनी होंगी। आरक्षित वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों को अपनी श्रेणी से जुड़ी जानकारी भी भरनी होगी। इसके बाद पहचान पत्र की जानकारी, परीक्षा केंद्र और पसंदीदा कोचिंग संस्थानों का चयन करना होगा। सभी जानकारियां भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड कर फॉर्म जमा करना होगा। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने पर रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त होगा जिसे भविष्य के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है।
अगर आवेदन फॉर्म भरते समय किसी प्रकार की त्रुटि हो जाती है तो उम्मीदवार उसे बाद में भी सुधार सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर उपलब्ध "आवेदन पत्र संशोधित करें" विकल्प का उपयोग करना होगा। रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि दर्ज करने के बाद अभ्यर्थी अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि आवेदन जमा करने के बाद उसकी एक प्रति अपने पास जरूर रखनी चाहिए। इसके लिए पोर्टल पर उपलब्ध "भरा हुआ आवेदन पत्र प्रिंट करें" विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है। रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि दर्ज करने के बाद आवेदन पत्र डाउनलोड और प्रिंट किया जा सकता है।
योजना में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश में कम से कम पांच वर्ष के निवास का प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और डिजिटल हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को जाति प्रमाण पत्र तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
विज्ञापन