
दुबई की चमचमाती रात में एशिया कप 2025 का आगाज टीम इंडिया ने धमाकेदार अंदाज़ में किया। ग्रुप-ए के इस मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव की रणनीति और गेंदबाजों की धार ने यूएई को सिर्फ 57 रन पर ढेर कर दिया। जवाब में भारतीय टीम ने लक्ष्य का पीछा ऐसे किया मानो नेट प्रैक्टिस चल रही हो—सिर्फ 4.3 ओवर में 9 विकेट से जीत पक्की कर ली। लेकिन असली आकर्षण रहे युवा सनसनी अभिषेक शर्मा, जिन्होंने आते ही 16 गेंदों में 30 रन उड़ेल दिए। पारी की पहली ही गेंद पर जड़ा गया उनका करारा छक्का न सिर्फ स्टेडियम में गूंजा बल्कि उन्हें क्रिकेट इतिहास के खास पन्ने में भी दर्ज कर गया। Asia Cup 2025
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय पारी की पहली गेंद ही इतिहास का हिस्सा बन गई। यूएई के गेंदबाज हैदर अली जैसे ही गेंद डालने आए, अभिषेक शर्मा ने बिना किसी झिझक उसे लॉन्ग ऑफ के ऊपर से सीधे स्टैंड में पहुंचा दिया। इस छक्के के साथ अभिषेक ने खुद को उस एलीट लिस्ट में शामिल कर लिया, जहां अब तक सिर्फ तीन भारतीय बल्लेबाजों के नाम दर्ज थे। रोहित शर्मा ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ, यशस्वी जायसवाल ने 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ और संजू सैमसन ने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था। अब अभिषेक इस ‘स्पेशल क्लब’ के चौथे सितारे बन चुके हैं, और उनके इस शॉट ने मुकाबले का रोमांच कई गुना बढ़ा दिया।
सिर्फ 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव और सामने खड़ी पूरी दुनिया लेकिन अभिषेक शर्मा ने अपने खेल से सबको हैरान कर दिया है। उनके बल्ले से अब तक 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं, जबकि स्ट्राइक रेट 193.50 इस बात का सबूत है कि वह हर गेंदबाज पर भारी पड़ सकते हैं। यही नहीं, लगातार ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने उन्हें सीधे आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज की कुर्सी पर पहुंचा दिया है। इतनी कम उम्र और छोटे करियर में यह मुकाम बताता है कि क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है।
एशिया कप 2025 का आगाज भारत ने धमाकेदार अंदाज में किया। गेंदबाजी में जहां कुलदीप यादव की फिरकी ने जहां यूएई की बल्लेबाजी को जकड़ कर रख दिया, वहीं अभिषेक शर्मा ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि पूरे टूर्नामेंट के लिए विरोधियों को चेतावनी मिल गई। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने यह साबित कर दिया कि टीम इंडिया के पास ऐसा विस्फोटक खिलाड़ी मौजूद है, जो किसी भी मैच का रुख पलटने की काबिलियत रखता है और बड़े मंच पर अकेले विरोधियों की रणनीति को ध्वस्त कर सकता है। Asia Cup 2025