
एशिया कप 2025 से ठीक पहले अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने सपोर्ट स्टाफ में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। टीम ने फील्डिंग सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नए कोच की नियुक्ति की है और साथ ही फीजियोथेरेपिस्ट भी जोड़ा गया है। 9 सितंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में अफगानिस्तान को ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश और हांगकांग के खिलाफ खेलना है। टी20 फॉर्मेट में पिछले कुछ वर्षों में टीम के प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी एशिया कप में अफगानिस्तान और मजबूती के साथ मैदान में नजर आएगी। Asia Cup 2025
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आयरलैंड टीम के पूर्व खिलाड़ी जॉन मूनी को टीम का नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। मूनी टीम के साथ 29 अगस्त से शुरू होने वाली टी20 ट्राई सीरीज के ट्रेनिंग कैंप में जुड़ेंगे। इससे पहले जॉन मूनी 2018-2019 के दौरान अफगानिस्तान के फील्डिंग कोच रहे थे और टीम का पहला टेस्ट मैच भारत के खिलाफ खेल चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज टीम के सपोर्ट स्टाफ का भी हिस्सा रहे और इस साल जनवरी से आयरलैंड महिला टीम में अस्थायी कोच के रूप में कार्य किया।
43 वर्षीय जॉन मूनी ने 2006 से 2015 तक आयरलैंड के लिए 64 वनडे और 27 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। वे 2007, 2011 और 2015 के वनडे वर्ल्ड कप और 2009 एवं 2010 के टी20 वर्ल्ड कप में भी आयरलैंड की टीम का हिस्सा रहे। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड से लेवल 1, 2 और 3 कोचिंग सर्टिफिकेट हासिल किए।
अफगानिस्तान टीम ने सपोर्ट स्टाफ में श्रीलंका के निर्मलन थानाबालासिंगम को नया फीजियोथेरेपिस्ट भी नियुक्त किया है। 2020 से ILT20 में डेजर्ट वाइपर्स के फीजियो थेरेपिस्ट के रूप में काम कर चुके थानाबालासिंगम ने इससे पहले हाई-परफॉर्मेंस टीमों में भी अनुभव हासिल किया है। एशिया कप 2025 में अफगानिस्तान की टीम अपना अभियान 9 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ मैच से शुरू करेगी। टीम के नए सपोर्ट स्टाफ के जुड़ने से अब अफगानिस्तान की तैयारियां और भी मजबूत नजर आ रही हैं।
Asia Cup 2025