विज्ञापन

Cricket News : ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के तेज गेंदबाजी इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने वाला है। मिचेल स्टार्क, जो बीते एक दशक से कंगारू गेंदबाजी के मजबूत स्तंभ रहे हैं, अब अपने 100वें टेस्ट मैच की दहलीज़ पर खड़े हैं। ये एक ऐसा मुकाम है, जिसे अब तक ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ एक ही तेज़ गेंदबाज़—ग्लेन मैक्ग्रा—छू पाए हैं।
इस समय ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच चल रही टेस्ट सीरीज़ का तीसरा और अंतिम मैच 12 जुलाई से खेला जाएगा। यह मुकाबला जहां एक ओर सीरीज़ का अंतिम परिणाम तय करेगा, वहीं दूसरी ओर मिचेल स्टार्क के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के लिहाज़ से ऐतिहासिक होगा। जैसे ही वे मैदान पर उतरेंगे, यह उनका 100वां टेस्ट मैच होगा—एक ऐसी उपलब्धि, जिसे पेसर बिरादरी में बहुत कम ही हासिल कर पाते हैं। स्टार्क ने अपने अब तक के 99 टेस्ट मुकाबलों में 395 विकेट हासिल किए हैं। यह आंकड़ा सिर्फ अनुभव नहीं, बल्कि निरंतरता और क्लास का परिचायक है। अगले मुकाबले में यदि वे पांच विकेट और हासिल करते हैं, तो वे 100 टेस्ट के साथ-साथ 400 विकेट क्लब में भी शामिल हो जाएंगे। यह उपलब्धि उन्हें आधुनिक क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली गेंदबाज़ों की सूची में एक सम्मानजनक स्थान देगी।
ग्लेन मैक्ग्रा, जिनके नाम 124 टेस्ट हैं, अब तक ऑस्ट्रेलिया के इकलौते तेज गेंदबाज रहे हैं जिन्होंने सौ से अधिक टेस्ट खेले हैं। मिचेल स्टार्क उनके बाद दूसरे नाम बनने वाले हैं, जो इस सम्मान तक पहुंचेंगे। ये बात ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए गर्व की है कि वह लगातार ऐसे गेंदबाज़ तैयार कर रहा है जो लम्बी रेस के घोड़े साबित हो रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट के अलावा, मिचेल स्टार्क ने वनडे और टी20 प्रारूप में भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। उन्होंने 127 वनडे मैचों में 244 विकेट लिए हैं, जबकि 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनके नाम 79 विकेट दर्ज हैं। यानि तीनों फॉर्मेट में वे ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी के सबसे भरोसेमंद चेहरों में शामिल हैं। Cricket News
विज्ञापन