
स्पेनिश टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज ने यूएस ओपन 2025 में धमाकेदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में 7 सितंबर को हुए फाइनल में उन्होंने शीर्ष वरीयता प्राप्त इटालियन खिलाड़ी यानिक सिनर को चार सेटों की रोमांचक जंग में 6-2, 3-6, 6-1, 6-4 से मात दी। मैच की शुरुआत में अल्काराज ने अपने आक्रामक अंदाज से प्रभुत्व कायम किया और पहला सेट 6-2 से अपने नाम कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। US Open 2025
दूसरे सेट में सिनर ने वापसी की और 6-3 से बराबरी बनाई, लेकिन तीसरे सेट में अल्काराज ने अपनी पकड़ और ताकत दिखाते हुए 6-1 से जोरदार जीत हासिल की। निर्णायक चौथे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अंततः अल्काराज ने 6-4 से फाइनल जीतकर यूएस ओपन का खिताब अपने नाम किया।
इस जीत के साथ 22 वर्षीय अल्काराज ने अपने करियर का छठा ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। विंबलडन 2025 के फाइनल में सिनर से मिली हार के बाद यह जीत उनके लिए बड़ी वापसी साबित हुई। वह ब्योर्न बोर्ग के बाद सबसे कम उम्र में छह ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। फाइनल हारने के बावजूद सिनर ने इस साल सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलकर एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया। वह रॉड लेवर (1969), रोजर फेडरर (2006–2008) और नोवाक जोकोविच (2015, 2021, 2023) के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे खिलाड़ी बने। हार्ड कोर्ट पर उनका 27 मैचों का लगातार विजय अभियान अब अल्काराज के हाथों टूट गया।
खिताब जीतने के बाद अल्काराज ने अपने प्रतिद्वंद्वी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “यानिक, तुम्हारा पूरे सीजन का प्रदर्शन अविश्वसनीय रहा। हर टूर्नामेंट में तुम्हारा स्तर शानदार रहा। तुम्हारे साथ कोर्ट और लॉकर रूम का हर पल साझा करना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा। यह खिताब भी तुम्हारे प्रयासों का हिस्सा है।” इस जीत के साथ अल्काराज न केवल यूएस ओपन के विजेता बने, बल्कि विश्व नंबर-1 की कुर्सी पर भी कब्जा जमाने के कगार पर हैं। US Open 2025