
Cricket News : टी-20 क्रिकेट की दुनिया में एलेक्स हेल्स ने एक और मील का पत्थर पार कर लिया है। अमेरिका में चल रहे मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2025 के तहत लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 23 जून को अपने करियर का 500वां टी-20 मुकाबला खेला। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ वह इंग्लैंड के पहले और विश्व क्रिकेट के सातवें खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने इस आंकड़े को छुआ है।
500 टी-20 मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में एलेक्स हेल्स अब डेविड मिलर, सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, शोएब मलिक, ड्वेन ब्रावो और कायरन पोलार्ड जैसे दिग्गजों की कतार में शामिल हो गए हैं। इस फॉर्मेट में सर्वाधिक 699 मैच खेलने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान कायरन पोलार्ड के नाम दर्ज है। हेल्स के ठीक पहले इस सूची में शामिल हुए खिलाड़ी डेविड मिलर हैं, जिनके नाम 530 मैच हैं।
सबसे अधिक टी-20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी
कायरन पोलार्ड – 699
ड्वेन ब्रावो – 582
शोएब मलिक – 557
आंद्रे रसेल – 556
सुनील नरेन – 551
डेविड मिलर – 530
एलेक्स हेल्स – 500
एलेक्स हेल्स का टी-20 करियर न सिर्फ मैचों की संख्या, बल्कि उनके प्रदर्शन के लिहाज से भी खासा प्रभावशाली रहा है। 500 मुकाबलों की 496 पारियों में उन्होंने 29.91 की औसत से 13,730 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 7 शतक और 86 अर्धशतक जमाए हैं। उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर नाबाद 119 रन है। हालांकि मौजूदा मेजर लीग क्रिकेट सीज़न में हेल्स अपेक्षित लय में नहीं दिखे हैं। लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के लिए खेले गए चार मुकाबलों में वह कुल मिलाकर केवल 32 रन ही बना सके हैं। लेकिन यह आंकड़े उनके समग्र करियर की उपलब्धियों को कम नहीं करते। Cricket News