Ashes 2023: पाँचवां टेस्ट जीत इंग्लैंड ने सीरीज बराबर की, ऑस्ट्रेलिया को आखिरी मैच में हराया
Ashes 2023
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:49 AM
Ashes 2023: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया (Eng vs Aus) के बीच खेली गई एशेज 2023(Ashes 2023) सीरीज समाप्त हो गई है। रोमांच से भरी ये सीरीज 2-2 से बराबरी पर छूटी। हालांकि, इस मैच में हार के बावजूद कंगारू टीम एशेज ट्रॉफी रिटेन करने में कामयाब रही। द ओवल में खेले गए आखिरी टेस्ट मैच को जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया (Australia) को 383 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन पूरी कंगारू टीम 334 रनों पर सिमट गई।
अच्छी स्थिति में आने के बाद लड़खड़ाई ऑस्ट्रेलिया
383 के टार्गेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी शुरुआत की थी। चौथे दिन की समाप्ति तक उसने बिना किसी नुकसान के 135 रन बना लिए थे। वो मैच जीतने की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था। लेकिन आखिरी दिन उसे एक के बाद एक तीन झटके लगे। जिससे इंग्लैंड (England) मैच में वापस लौटता दिखा।
ओपनर उस्मान ख्वाजा ने आउट होने से पहले 145 गेंदों पर 72 रन बनाए। वहीं डेविड वार्नर ने 106 गेंदों पर 60 रन का योगदान दिया। वहीं लबुशाने कुछ खास योगदान नहीं दे सके। इसके बाद फॉर्म में चल रहे स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने मोर्चा संभाला। दोनों मिलकर एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया को जीत की राह पर ले आए।
ये मैच इंग्लैंड के हाथों से फिसलता दिखा।
बीच में बारिश भी पिछले मैच की तरह खेल बिगाड़ती दिखी। जब बारिश के बाद खेल फिर शुरू हुआ, तो बारिश के व्यवधान के बावजूद दोनों बल्लेबाजों ने अपनी लय बरकरार रखी। जिसे मोईन अली ने हेड को आउट कर तोड़ा। खतरनाक नजर आ रही इस साझेदारी को तोड़ इंग्लैंड ने मैच में वापसी कर ली। फिर स्मिथ और मार्श के आउट होने के बाद इंग्लैंड मैच में पूरी तरह वापस आ गया।
स्टीव स्मिथ ने 94 गेंदों पर 54 रन बनाए। जबकि ट्रेविस हेड ने 70 गेंदों पर 43 रनों का योगदान दिया। इसके बाद इंग्लैंड विकेट लेता रहा और मैच में हावी होता रहा। इसके बाद आए बल्लेबाजों में एलेक्स कैरी और टॉड मर्फी ही विकेट पर टिकने और संघर्ष करने का माद्दा दिखा सके। बाकी बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट हो गए। अपना आखिरी मैच खेल रहे स्टुअर्ट ब्रॉड (Stuart Broad) ने आखिरी 2 विकेट लेकर इस टेस्ट को अपने लिए यादगार बना लिया। इंग्लैंड के लिए वोक्स ने 4, मोईन अली ने 3 और ब्रॉड ने 2 विकेट लिए।
पूरे मैच का लेखा-जोखा
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने पहली पारी में 283 रन बनाए। जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 295 रन बनाए। इस तरह ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहली पारी के आधार पर 12 रनों की बढ़त मिली। फिर इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 395 रन बनाए। इस तरह उसने ऑस्ट्रेलिया को मैच जीतने के लिए 384 रनों का लक्ष्य दिया। जिसे पाने में कंगारू टीम चूक गई और मैच गंवा बैठी। इस जीत से इंग्लैंड ने सीरीज 2-2 से बराबर कर ली। क्रिस वोक्स और मिचेल स्टार्क मैन ऑफ द सीरीज रहे। वोक्स मैन ऑफ द मैच भी रहे।