
एशिया कप 2025 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम अब मुश्किल में फंस गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान मुकाबले में मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की थी। PCB का आरोप था कि पायक्रॉफ्ट की वजह से भारतीय टीम ने खेल भावना का उल्लंघन करते हुए हाथ नहीं मिलाया। यहां तक कि PCB ने UAE के खिलाफ 17 सितंबर को होने वाले ग्रुप मैच से हटने की धमकी भी दी थी। लेकिन अब ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) ने PCB की यह मांग पूरी तरह खारिज कर दी है। ICC ने मामले की जांच के बाद PCB को निर्णय की जानकारी दे दी है। इसका मतलब साफ है कि एंडी पायक्रॉफ्ट पाकिस्तान और UAE के बीच अहम ग्रुप मैच में रेफरी की भूमिका निभाएंगे। Asia Cup 2025
14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान मुकाबले में सिर्फ रन और विकेट ही नहीं, बल्कि टॉस और मैच खत्म होने के समय भी ड्रामा देखने को मिला। भारतीय कप्तान सूर्या ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया और मैच खत्म होते ही सीधे पवेलियन लौट गए। इस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का गुस्सा भड़क गया। PCB ने इसे खेल भावना का उल्लंघन मानते हुए ICC और एशिया कप आयोजकों तक शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप था कि यह सब मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट की शह पर हुआ।
अब सवाल यह है कि क्या पाकिस्तान अपनी धमकी निभाएगा और UAE के खिलाफ अहम ग्रुप मैच से हट जाएगा? अगर ऐसा हुआ, तो पाकिस्तान का एशिया कप सफर यहीं खत्म हो जाएगा। UAE और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए निर्णायक है, क्योंकि जीत सीधे सुपर-4 में पहुंचाने वाली है। पाकिस्तान अगर मैच से बाहर रहा, तो UAE बिना खेले सुपर-4 में पहुंच जाएगा और पाकिस्तान का टूर्नामेंट से सफाया हो जाएगा।
PCB के चीफ मोहसिन नकवी ने इस मामले पर X प्लेटफॉर्म पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी और ICC में अपनी नाराजगी दर्ज कराई थी। बावजूद इसके, ICC ने PCB की सभी मांगों को खारिज कर दिया है। अब एंडी पायक्रॉफ्ट UAE और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस निर्णायक मैच में रेफरी की भूमिका निभाएंगे, जिससे पाक टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। Asia Cup 2025