
एशिया कप 2025 का रोमांच बढ़ता जा रहा है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने ही बनाए जाल में उलझती नजर आ रही है। भारत से हाथ मिलाने के विवाद ने जहां माहौल गरमाया, वहीं अब PCB की जिद खुद उसी पर भारी पड़ती नजर आ रही है। खबरों के मुताबिक, आईसीसी ने पाकिस्तान की वह मांग सिरे से खारिज कर दी है, जिसमें रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की गुज़ारिश की गई थी। नतीजा यह कि पाकिस्तान की टीम ऐसी स्थिति में फंस चुकी है, जहां उसका एशिया कप अभियान अधरझूल में लटक गया है। सवाल अब यह है कि क्या पाकिस्तान मैदान में उतरकर अपनी ही शर्त से पीछे हटेगा या फिर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मोल लेगा? Asia Cup 2025
भारत-पाक मुकाबले के बाद जब भारतीय खिलाड़ियों ने हैंडशेक से दूरी बनाई तो पाकिस्तान ने इसे प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया। मामूली-सी बात पर बखेड़ा खड़ा करते हुए PCB ने न सिर्फ आईसीसी में शिकायत ठोक दी, बल्कि रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग भी रख दी। हालात तब और गरमाए जब पाकिस्तान ने चेतावनी दे डाली कि अगर रेफरी की कुर्सी नहीं हिली, तो 17 सितंबर को UAE के खिलाफ होने वाला अहम मैच खेलने से भी वह पीछे हट जाएगा। यानी खेल से ज्यादा अब पाकिस्तान का गुस्सा और जिद सुर्खियों में है।
15 सितंबर को हुए मुकाबले में UAE ने ओमान को 42 रन से हराकर पूरे समीकरण बदल दिए। अब पाकिस्तान और UAE के बीच 17 सितंबर का मैच ‘करो या मरो’ की जंग बन चुका है। जीतने वाली टीम ही भारत के साथ सुपर-फोर में जगह बनाएगी, जबकि हारने वाली की घर वापसी तय मानी जाएगी। ऐसे में पाकिस्तान के लिए यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि एशिया कप में अपनी साख बचाने की आखिरी उम्मीद है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी ने PCB की मांग पर कोई सकारात्मक रुख नहीं अपनाया है। पायक्रॉफ्ट ही 17 सितंबर को UAE-पाकिस्तान मैच में रेफरी की भूमिका निभाएंगे। इस फैसले ने पाकिस्तान की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं, क्योंकि अब उसके पास दो ही विकल्प हैं – या तो मैदान में उतरकर अपनी धमकी से पीछे हटे, या फिर टूर्नामेंट से बाहर होने का जोखिम उठाए।
स्थिति साफ है कि पाकिस्तान ने जिस विवाद को तूल दिया, वही अब उसकी सबसे बड़ी परेशानी बन गया है। हैंडशेक से शुरू हुआ मामला अब उसके एशिया कप भविष्य पर सवाल खड़ा कर रहा है। यदि पाकिस्तान मैच से इंकार करता है तो बाहर होना तय है, और यदि खेलता है तो उसे अपनी ही शर्त से पीछे हटना पड़ेगा। दोनों ही हालात में पाकिस्तान क्रिकेट के लिए यह स्थिति किसी शर्मिंदगी से कम नहीं होगी। Asia Cup 2025