
बड़े बेआबरू होकर तेरे कूचे से हम निकले, बहुत निकले मेरे अरमान, फिर भी कम निकले। शायर मिर्जा गालिब की ये पंक्तियां पाकिस्तानी क्रिकेट टीम पर पूरी तरह से फिट बैठती है। एशिया कप 2025 में पाकिस्तानी टीम का हाल कुछ ऐसा ही रहा। खेल से ज्यादा विवादों और ड्रामे में उलझी ये टीम किसी तरह फाइनल तक तो पहुंची, लेकिन वहां भी भारत के सामने ढेर हो गई। तीन बार एक ही टूर्नामेंट में मिली हार ने पाकिस्तान को आईना दिखा दिया—चाहे सरहद का मोर्चा हो या क्रिकेट का मैदान, भारत के सामने उसका झुकना अब लगभग तयशुदा किस्सा बन चुका है। Ind Vs Pak Final Asia Cup 2025
एशिया कप 2025 पाकिस्तान के लिए पूरी तरह ड्रामे और विवादों का टूर्नामेंट बन गया। 12 सितंबर को ओमान के खिलाफ शानदार जीत के बाद टीम ने उम्मीदें जगाईं, लेकिन 14 सितंबर को भारत के हाथों 7 विकेट से हार ने सब कुछ उलट दिया। यही मैच ‘नो हैंडशेक कंट्रोवर्सी’ का जन्म बन गया। टॉस पर सूर्यकुमार यादव ने सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया, और मैच के बाद भी दोनों टीमों ने दूरी बनाए रखी। खेल की किताब में यह कोई नियम नहीं, लेकिन भारत ने अपने फैंस की भावनाओं को देखते हुए यह फैसला लिया।
बौखलाए पाकिस्तानी खेमे ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी का बायकॉट किया, कप्तान मीडिया से भाग खड़े हुए और सारा दोष मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर मढ़ दिया। पीसीबी ने पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग आईसीसी में की, लेकिन उन्हें कोई सुनवाई नहीं मिली। आईसीसी ने न केवल पीसीबी की दलीलें खारिज कीं, बल्कि पायक्रॉफ्ट को क्लीन चिट दे दी।
हालांकि पाकिस्तान ने यूएई के खिलाफ मुकाबले से पहले अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी और मैच के दिन होटल छोड़ने से भी इंकार किया। पड़ोसी देश की पुरानी ‘सरेंडर वाली आदत’ यहां भी नजर आई, और महज 70 मिनट में पीसीबी का रुख बदल गया। मैच 1 घंटे की देरी से शुरू हुआ, लेकिन अंततः सलमान की ब्रिगेड ने 41 रनों से जीत दर्ज की और सुपर-चार राउंड में प्रवेश किया। पीसीबी ने सोशल मीडिया पर पायक्रॉफ्ट की कथित माफी दिखाकर ये जताने की कोशिश की कि विवाद सुलझ गया, लेकिन सच्चाई यह थी कि आईसीसी ने पहले ही उन्हें पूरी तरह क्लीन चिट दे दी थी। Ind Vs Pak Final Asia Cup 2025
सुपर-चार में 21 सितंबर को भारत के खिलाफ पाकिस्तान का पहला मुकाबला फिर से मुसीबतों में घिर गया। भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर पड़ोसी का मनोबल तोड़ दिया। लेकिन मैदान पर ड्रामा यहीं खत्म नहीं हुआ।साहिबजादा फरहान ने ‘गन सेलिब्रेशन’ किया, वहीं हारिस रऊफ ने आपत्तिजनक इशारे किए और भारतीय खिलाड़ियों के साथ गाली-गलौज में भी उतर आए। BCCI ने तुरंत दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। ICC ने हारिस रऊफ पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया, जबकि फरहान को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
उधर, पीसीबी ने सूर्यकुमार यादव के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ बयान को राजनीति से प्रेरित मानकर भारतीय कप्तानी की शिकायत की, लेकिन आईसीसी ने यादव पर भी 30 प्रतिशत फाइन लगाया। भारत के खिलाफ लगातार दूसरी हार के बावजूद पाकिस्तानी टीम की अकड़ कम नहीं हुई। टीम ने पहले श्रीलंका को 5 विकेट से हराया और फिर बांग्लादेश को रोमांचक मुकाबले में 11 रनों से मात देकर फाइनल का टिकट पक्का किया। फाइनल में भारतीय टीम के सामने उनका सामना किस तरह होगा, यह अगले अध्याय का ड्रामा तय करने वाला था।
फाइनल में भारत के सामने पाकिस्तान की आखिरी लड़ाई भी किसी ड्रामा से कम नहीं रही। सूर्यकुमार यादव की ‘सेना’ के आगे पड़ोसी टीम ने फिर घुटने टेक दिए, लेकिन टॉस के समय और मैदान पर ड्रामे ने दर्शकों को चौंका दिया। वकार यूनुस ने पाक कप्तान से बातचीत की, वहीं रवि शास्त्री ने भारतीय कप्तान से सवाल किए। दो-दो प्रेजेंटर मैदान पर मौजूद थे, जिसे देखकर फैन्स हैरान रह गए। मैच भारत के नाम हुआ, लेकिन असली सुर्खियां तब बंटी जब पीसीबी और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ट्रॉफी वितरण के मुद्दे पर मैदान में उतर आए। Ind Vs Pak Final Asia Cup 2025
नकवी भारतीय खिलाड़ियों को ट्रॉफी थमाना चाहते थे, लेकिन सूर्या ब्रिगेड तैयार नहीं थी। दो घंटे तक चले इस ड्रामे में नकवी अंततः खाली हाथ होटल लौट गए। अगर नकवी चाहते तो किसी तीसरे देश के अधिकारी से ट्रॉफी देने को कह सकते थे, लेकिन पाकिस्तान की हार उनके लिए पच नहीं रही थी। बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया कि एशिया कप ट्रॉफी भारत की टीम के पास ही रहेगी। और यह विवाद आने वाले दिनों तक छाया रहेगा। Ind Vs Pak Final Asia Cup 2025