
एशिया कप 2025 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। 9 सितंबर से होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत एक बार फिर खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। लेकिन टीम इंडिया की जीत की असली कुंजी हो सकता है एक खास 'HAT' फॉर्मूला। सवाल उठता है कि आखिर ये 'HAT' है क्या और क्यों इसे भारत की जीत की गारंटी बताया जा रहा है? दरअसल, यहां 'HAT' किसी जादुई टोपी की नहीं बल्कि तीन बल्लेबाजों की कहानी है। H का मतलब है हार्दिक पंड्या, A यानी अभिषेक शर्मा और T यानी तिलक वर्मा। यही वो तीन खिलाड़ी हैं, जिन्होंने साल 2025 में अब तक खेले गए T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं और टीम इंडिया की बल्लेबाजी रीढ़ बनकर उभरे हैं। Asia Cup 2025
इस साल T20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन अभिषेक शर्मा के बल्ले से निकले हैं। उन्होंने सिर्फ 5 मैचों में 279 रन बनाए हैं, जिसमें एक धमाकेदार शतक (135 रन) भी शामिल है। दूसरी ओर तिलक वर्मा ने भी अपनी आक्रामकता और स्थिरता दोनों से प्रभावित किया है। 5 मैचों में उन्होंने 133 रन बनाए, जिसमें नाबाद 72 रन उनकी यादगार पारी रही। दोनों बल्लेबाज इस समय शानदार लय में हैं और भारत के टॉप स्कोरर की सूची में सबसे ऊपर खड़े हैं।
ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने भी 2025 में अब तक 5 T20 मुकाबले खेले हैं और 112 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 53 रन रहा। हार्दिक की सबसे बड़ी ताकत यह है कि वे हालात के हिसाब से अपना खेल ढाल लेते हैं—कभी पावर-हिटर, तो कभी सटीक फिनिशर। यही लचीलापन उन्हें टीम इंडिया के लिए सबसे खास बनाता है।
यह तिकड़ी केवल रन ही नहीं बना रही, बल्कि मैच का रुख मोड़ने की क्षमता रखती है। अभिषेक और तिलक ओपनिंग से लेकर मिडिल ऑर्डर तक अटैकिंग बल्लेबाजी में माहिर हैं, जबकि हार्दिक पंड्या डेथ ओवर में विस्फोटक अंदाज में रन जोड़ सकते हैं। यही कारण है कि क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है—अगर ‘HAT’ का बल्ला बोला तो एशिया कप में भारत का सफर आसान हो जाएगा। सिर्फ रन ही नहीं, छक्कों की बरसात में भी यह तिकड़ी आगे है। साल 2023 से अब तक T20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 182 छक्के उड़ाए हैं। वहीं तिलक वर्मा 135 छक्कों के साथ इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। यानी एशिया कप में भारतीय बैटिंग लाइन-अप को ताकत देने के लिए पावर-हिटिंग का हथियार भी इन खिलाड़ियों के पास भरपूर है। Asia Cup 2025