
भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत हो और क्रिकेट प्रेमियों में हलचल न मचे, ऐसा कैसे हो सकता है! एशिया कप 2025 का सबसे बड़ा सुपरहिट मैच 14 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। लेकिन इस जंग का गवाह बनना आम दर्शक के लिए आसान नहीं होगा। आयोजकों ने टिकटों की बिक्री में ऐसा खेल खेला है कि सिर्फ इंडिया-पाक मैच का टिकट मिलना नामुमकिन है। एशिया कप 2025 के इस सबसे चर्चित मैच के लिए टिकट बिक्री शुरू हो चुकी है, लेकिन इसमें खास पेंच छिपा है। दर्शक सिर्फ इस मैच का टिकट नहीं खरीद पाएंगे, बल्कि उन्हें दुबई में खेले जाने वाले बाकी मुकाबलों का भी पैकेज लेना होगा। यानी मैदान में पहुंचने के लिए जेब ढीली करनी ही होगी। Asia cup 2025
एशिया कप 2025 का सबसे चर्चित मुकाबला भारत बनाम पाकिस्तान देखने का जुनून अगर आपको दुबई की ओर खींच रहा है, तो जेब ढीली करने के लिए तैयार रहिए। एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड ने टिकट बिक्री शुरू कर दी है, लेकिन इसमें ऐसा पेंच फंसा है कि सिर्फ इंडिया-पाक मैच का टिकट मिलने की उम्मीद छोड़ दें। दुबई में इस हाई-वोल्टेज टक्कर का गवाह बनने के लिए पूरे सात मैचों का पैकेज खरीदना अनिवार्य है, जिसकी कीमत साधारण सीटों के लिए 35 हजार से शुरू होकर प्रीमियम ‘ग्रैंड लॉन्ज’ में 3.25 लाख रुपये तक पहुंचती है।
भारत-पाकिस्तान मैच का रोमांच देखना है तो सिर्फ एक टिकट से काम नहीं चलेगा। दर्शकों को इस पैकेज में इंडिया-पाक मुकाबले के साथ भारत बनाम यूएई और सुपर-फोर के अहम मैचों से लेकर फाइनल तक देखने का मौका मिलेगा। लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि साधारण टिकट जहां 1247 रुपये से शुरू होते हैं, वहीं भारत से जुड़े मैचों की कीमत आसमान छू रही है। साफ है, आयोजकों ने दर्शकों की दीवानगी को भुनाते हुए इंडिया-पाक टक्कर को सीधे ‘प्रीमियम पैकेज’ में डाल दिया है।
भारतीय टीम 4 सितंबर को दुबई रवाना होगी और 5 सितंबर से अभ्यास सत्र शुरू करेगी। टूर्नामेंट का आगाज 9 सितंबर को होगा। भारत अपना पहला मैच 10 सितंबर को मेजबान यूएई के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 14 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगा, जबकि 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ ग्रुप-स्टेज का आखिरी मुकाबला खेलेगा। Asia cup 2025