asian champions trophy 2023: हॉकी में भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हराकर, सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की
asian champions trophy 2023
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 11:49 PM
asian champions trophy 2023: भारत ने पाकिस्तान को क्रिकेट के बाद अब हॉकी (Hockey) में भी बुरी तरह शिकस्त दे दी है। भारत ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में चिरप्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 4-0 से धूल चटा दी है। जहां टीम इंडिया ने इस जीत के बाद सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, तो वहीं इस हार की वजह से पाकिस्तान अब प्रतियोगिता से बाहर हो गया है।
पाकिस्तान को हराकर भारत अंतिम 4 में पहुंचा
पाकिस्तान (Pakistan) को भारतीय टीम ने 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। साथ ही पाक टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया (Team India) अंक तालिका में शीर्ष पर रहा। अब सेमीफाइनल में 11 अगस्त को भारत का मुक़ाबला जापान से होगा। वहीं इसी दिन एक अन्य सेमीफाइनल में मलेशिया की टक्कर दक्षिण कोरिया से होगी। जबकि पाकिस्तान 5वें स्थान के लिए चीन से भिड़ेगा।
इस तरह रहा मैच का पूरा लेखा-जोखा
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 (asian champions trophy 2023) में चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में 9 अगस्त की रात को हुए मैच में भारत बनाम पाकिस्तान (Ind Vs Pak) की टक्कर हुई। इस मैच में भारतीय खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह (15वें और 23वें मिनट), जुगराज सिंह (36वें मिनट) और आकाशदीप सिंह (55वें मिनट) ने गोल करते हुए टीम इंडिया को जीत दिला दी।
मुकाबले की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच कडा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन फिर टीम इंडिया ने इस मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बना ली और आखिरकार 4-0 से ये मुक़ाबला अपने नाम कर लिया। मैच के 7वें मिनट जर्मनप्रीत सिंह ने डी के अंदर मनदीप सिंह को बॉल दी लेकिन पाकिस्तान की डिफेंस यह चौकन्नी थी और उन्होंने टैकल कर भारत को शुरूआती बढ़त लेने से रोक दिया।
इसके बाद हरमनप्रीत सिंह ने पहले 15वें मिनट में और फिर 23वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 2-0 से आगे कर दिया। इसके बाद जुगराज सिंह 36वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए एक और गोल दाग कर टीम इंडिया की बढ़त 3-0 कर दी। भारत के लिए चौथा गोल 55वें मिनट में आकाशदीप सिंह ने किया।
यह मैच का पहला मैदानी गोल था, इससे पहले के सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर पर आए थे। जिसके बाद टीम इंडिया की लीड बढ़कर 4-0 हो गई, जो अंत तक कायम रही। पाकिस्तान के किसी भी खिलाड़ी को गोल करने में कामयाबी नहीं मिली। जिससे उसे करारी हार का सामना करना पड़ा।