
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में बड़े स्तर पर बदलाव की खबरें सामने आ रही हैं। सूत्रों की मानें तो वर्तमान अध्यक्ष रॉजर बिन्नी जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं, और इस अवसर पर बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 27 अगस्त को राजीव शुक्ला की अध्यक्षता में BCCI की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें Dream11 के प्रायोजन से हटने के बाद नए स्पॉन्सरशिप विकल्पों पर विस्तृत चर्चा हुई। BCCI की नई दिशा और आगामी योजनाओं के फैसलों की कमान अब राजीव शुक्ला के हाथों में है। Rajeev Shukla
BCCI के संविधान के अनुसार किसी भी पदाधिकारी को 70 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद पद छोड़ना अनिवार्य है। ऐसे में राजीव शुक्ला अगले कुछ महीनों तक बोर्ड के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे, जब तक कि नया अध्यक्ष चुना न जाए। राजीव शुक्ला 2020 से BCCI के उपाध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं। रॉजर बिन्नी का क्रिकेट करियर भी उल्लेखनीय रहा है। वह 1983 के वनडे वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे और BCCI की कमान संभालने वाले तीसरे पूर्व क्रिकेटर बने। उनके पूर्ववर्ती सौरभ गांगुली 2019 से 2022 तक अध्यक्ष रहे थे।
हालांकि नेशनल स्पोर्ट्स गर्वनेंस कानून लागू किया जा चुका है, BCCI अपनी वार्षिक आम बैठक (AGM) और चुनाव अगले महीने आयोजित करने जा रहा है। कानून की औपचारिक रूप से पूरी तरह से क्रियान्वयन में चार-पाँच महीने और लग सकते हैं, इसलिए चुनाव स्थगित नहीं किए जा सकते। BCCI और उसके राज्य संघ सुप्रीम कोर्ट की लोढ़ा समिति की सिफारिशों के अनुसार तैयार किए गए संविधान के तहत ही कार्य करेंगे। युवा मामले और खेल मंत्रालय (MYAS) ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर होने वाले चुनाव इसी वर्तमान संविधान के तहत आयोजित होंगे, जब तक कि नया कानून पूरी तरह लागू नहीं हो जाता। Rajeev Shukla