
Cricket : इंग्लैंड के मिडलसेक्स काउंटी लीग में एक लोअर-डिवीजन क्रिकेट मैच ने क्लब क्रिकेट के इतिहास में एक शर्मनाक अध्याय जोड़ दिया है। रिचमंड क्रिकेट क्लब की चौथी टीम (4th XI) नॉर्थ लंदन क्रिकेट क्लब की तीसरी टीम (3rd XI) के खिलाफ महज 2 रन पर ऑलआउट हो गई। यह मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए अविश्वसनीय रहा, जिसमें आठ बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए और पूरी टीम सिर्फ 5.4 ओवर में समर्पण कर बैठी।
मैच में रिचमंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला लिया, जो बाद में उन्हीं पर भारी पड़ा। नॉर्थ लंदन की ओर से ओपनर डैन सिमंस ने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए 140 रनों की पारी खेली। इसके अलावा विरोधी टीम को 92 रन अतिरिक्त के रूप में मिले, जिनमें 63 वाइड बॉल्स भी शामिल थीं। इस तरह टीम ने 426 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
जब रिचमंड की टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो शुरुआत से ही विकेटों की झड़ी लग गई। केवल एक बल्लेबाज़ ही खाता खोल सका और एक रन टीम को वाइड बॉल से मिला। कुल स्कोर 2 रन पर सिमट गया, जो क्लब क्रिकेट इतिहास में एक गंभीर असफलता के रूप में दर्ज हो गया है। नॉर्थ लंदन के गेंदबाज़ मैट रोसन ने बिना रन दिए 5 विकेट झटके । जबकि स्पॉटन ने मात्र 2 रन खर्च करते हुए 3 बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेजा। इस एकतरफा मुकाबले में एक हास्यास्पद रनआउट ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
मैच के बाद रिचमंड क्रिकेट क्लब के डिप्टी चेयरमैन और हेड ऑफ क्रिकेट स्टीव डीकिन ने इस ऐतिहासिक हार की वजह स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि यह एक 'परफेक्ट स्टॉर्म' जैसी स्थिति थी। क्लब की पांच पुरुष टीमों में से लगभग 40 खिलाड़ी उस सप्ताह अनुपलब्ध थे। टीम प्रबंधन ने जैसे-तैसे 11 खिलाड़ियों को इकट्ठा किया — जिनमें कई खिलाड़ी क्लब के नियमित सदस्य भी नहीं थे। डीकिन ने कहा, "हालात ऐसे बन गए कि कप्तान अपने दोस्तों के दोस्तों से संपर्क कर टीम पूरी कर रहे थे। मैच में तीन विकेट लेने वाले गेंदबाज़ स्पॉटन ने कहा, "अगर एक वाइड बॉल और एक कैच ड्रॉप न हुआ होता, तो हम उन्हें शून्य पर ही आउट कर देते। Cricket