
एशिया कप 2025 की हलचल शुरू हो चुकी है और टीम इंडिया का ऐलान होते ही सबसे बड़ा सवाल उभरा है—संजू सैमसन का क्या होगा ? एक तरफ शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे ओपनर मौजूद हैं, तो दूसरी ओर सैमसन का रिकॉर्ड बताता है कि उनकी असली ताकत सलामी बल्लेबाज़ी ही है। ऐसे में फैंस के मन में यही दुविधा है कि क्या इस टूर्नामेंट में सैमसन का करियर निर्णायक मोड़ पर पहुंच जाएगा। Asia Cup 2025
BCCI ने इस बार चयन में साफ कर दिया है कि विकल्पों की कमी नहीं है। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पहले से ही ओपनिंग की भूमिका निभा रहे थे। वहीं अब शुभमन गिल को भी शामिल किया गया है और उन्हें उपकप्तान की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसका मतलब साफ है कि गिल का प्लेइंग इलेवन में होना लगभग तय है। सवाल यह है कि वे कहां खेलेंगे ? अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाज़ी को देखते हुए एक ओपनर का स्थान तो पक्का नज़र आता है। अब दूसरा स्लॉट किसे मिलेगा—यही पेच टीम मैनेजमेंट और कप्तान सूर्यकुमार यादव के सामने है।
संजू सैमसन का रिकॉर्ड बताता है कि वे ओपनिंग में उतरते ही चमकते हैं। टी20 इंटरनेशनल में बतौर सलामी बल्लेबाज 17 मैचों में उन्होंने 522 रन बनाए हैं, औसत 32.6 और स्ट्राइक रेट 178.8 का रहा है। तीन शतक और एक अर्धशतक भी इसी पोजीशन पर आए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 111 रन भी ओपनिंग करते हुए ही दर्ज है। इसके उलट जब भी सैमसन को निचले क्रम में उतारा गया, उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। यही वजह है कि उन्हें नीचे भेजना उनके करियर के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
अब तक सैमसन ने 42 टी20 इंटरनेशनल में 861 रन बनाए हैं। औसत 25.32 और स्ट्राइक रेट 152.38 रहा है। यानी स्पष्ट है कि उनकी असली ताकत और पहचान ओपनिंग में ही है। अगर उन्हें नीचे धकेला गया तो उनके करियर की रफ्तार थम सकती है।
अब गेंद कप्तान सूर्यकुमार यादव के पाले में है। उनके सामने विकल्प हैं—
अभिषेक शर्मा और सैमसन की ओपनिंग जोड़ी, गिल को तीसरे नंबर पर भेजना।
या फिर अभिषेक और गिल से पारी की शुरुआत, और सैमसन को नीचे के क्रम में उतारना। Asia Cup 2025