
IPL 2025 : इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की लीग स्टेज का समापन आज एक धमाकेदार मुकाबले के साथ होने जा रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगे, लेकिन चर्चा सिर्फ प्लेऑफ की नहीं—बल्कि एक युवा गेंदबाज़ और एक दिग्गज बल्लेबाज़ के संभावित आमने-सामने की भी है। हम बात कर रहे हैं लखनऊ के गेंदबाज़ दिग्वेश सिंह राठी की, जिनका 'नोटबुक सेलिब्रेशन' IPL में पिछले कुछ समय से सुर्खियों में है। विकेट लेते ही वे एक काल्पनिक नोटबुक में नाम दर्ज करने का इशारा करते हैं—मानो विरोधी बल्लेबाज़ को अपनी लिस्ट में शामिल कर रहे हों। अब सवाल ये है: क्या विराट कोहली का नाम भी उस नोटबुक में जुड़ने वाला है?
इकाना स्टेडियम में प्री-मैच इवेंट के दौरान जब दिग्वेश राठी फैंस से रूबरू हुए, तो एक सवाल ने माहौल में हलचल मचा दी। एक फैन ने पूछा, “अगला नाम विराट भाई का होगा क्या?” इस पर दिग्वेश ने मुस्कराते हुए सिर हिलाया और इशारों में नकार दिया। हालांकि, उनकी मुस्कान और संकोच साफ जाहिर कर रहा था कि वो इस पल को लेकर खुद भी असमंजस में हैं।
उनका जवाब जितना सरल था, सोशल मीडिया पर उतनी ही तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में दिग्वेश यह भी बताते दिखे कि उनके इस सेलिब्रेशन को लेकर कोच उनसे खफा रहते हैं, यहां तक कि हाथ मिलाने से भी इनकार कर देते हैं। उन्होंने स्वीकारा कि उनके इस रवैये के कारण टीम को नुकसान हुआ है—शायद यही वजह है कि अब वह इस अंदाज़ पर दोबारा सोचने लगे हैं।
गौरतलब है कि दिग्वेश राठी को हाल ही में उनके इसी सेलिब्रेशन के चलते एक मैच का प्रतिबंध और 10 लाख रुपये का जुर्माना झेलना पड़ा। गुजरात के खिलाफ पिछला मैच वह नहीं खेल सके थे, लेकिन आज वह फिर से मैदान में लौटने को तैयार हैं—वो भी विराट कोहली जैसे बल्लेबाज़ के खिलाफ।
जहां लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ऋषभ पंत की कप्तानी में पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, वहीं RCB के लिए आज का मुकाबला करो या मरो जैसा है। जीत मिलती है तो टॉप 2 में रहते हुए टीम को क्वालीफायर 1 में जगह मिलेगी, हार की स्थिति में समीकरण उलझ सकते हैं। IPL 2025