
भारतीय क्रिकेट के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या आज (11 अक्टूबर) अपना 32वां जन्मदिन मना रहे हैं। गुजरात के छोटे शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मंच पर चमकने वाले हार्दिक ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी से क्रिकेट जगत में अलग ही पहचान बनाई है। 2016 में टीम इंडिया में पदार्पण करने के बाद से पंड्या ने खुद को टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल कर लिया है। मैदान पर उनका खेल और मैदान के बाहर उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल दोनों ही उनके फैंस के लिए हमेशा आकर्षण का केंद्र रहे हैं। क्रिकेट से मिली प्रसिद्धि ने उन्हें नाम के साथ-साथ दौलत भी दी, और यही वजह है कि हार्दिक सिर्फ एक खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक स्टाइल आइकन और युवा प्रेरणा भी बन गए हैं। Hardik Pandya
छोटे शहर के लड़के से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का चमकता सितारा बनने तक हार्दिक पंड्या का सफर हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति लगभग 91 से 98 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है। यह रकम उनके बीसीसीआई कॉन्ट्रैक्ट, आईपीएल सैलरी और ब्रांड एंडोर्समेंट्स से आती है। बीसीसीआई ने हार्दिक को ए ग्रेड का कॉन्ट्रैक्ट दिया है, जिसके तहत उन्हें सालाना 5 करोड़ रुपये मिलते हैं।
इसके अलावा मैच फीस और प्रदर्शन पर मिलने वाला बोनस उनकी आमदनी में और इज़ाफा करता है। आईपीएल में भी हार्दिक की कद्र हमेशा ऊंची रही है। 2025 सीजन के लिए मुंबई इंडियंस ने उन्हें 16.35 करोड़ रुपये में रिटेन किया और टीम का कप्तान बनाया। आईपीएल से होने वाली आय उनकी कुल संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा है। हार्दिक की लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक उनके आलीशान घरों और शानदार कार कलेक्शन में साफ दिखाई देती है, जिससे फैंस और मीडिया दोनों ही लगातार उनकी जिंदगी पर नजर रखते हैं।
क्रिकेट मैदान के बाहर भी हार्दिक पंड्या की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और यह ब्रांड्स के लिए किसी सोने की खान से कम नहीं। गल्फ ऑयल इंडिया, ड्रीम11, बोट, ओप्पो, जिलेट, अमेज़न और स्टार स्पोर्ट्स जैसी बड़ी कंपनियों के विज्ञापनों में उनका नाम चमक रहा है। एक विज्ञापन के लिए वह आमतौर पर 2 से 3 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं, जबकि कई मल्टी-करोड़ सौदे उनकी स्टार वैल्यू और भी बढ़ा देते हैं। इन एंडोर्समेंट्स ने उन्हें सिर्फ धन ही नहीं दिया, बल्कि युवाओं के बीच फैशन और फिटनेस आइकन के रूप में भी स्थापित कर दिया।
हार्दिक का लग्जरी शौक सिर्फ विज्ञापनों तक सीमित नहीं है। उनके गैरेज में विंटेज रोल्स-रॉयस, मर्सिडीज एएमजी जी63, पोर्श केयेन और रेंज रोवर जैसी शानदार गाड़ियां खड़ी हैं। वहीं घड़ियों के प्रति उनका शौक भी कम नहीं; हाल ही में उन्होंने अपनी कलाई पर रिशा मिल्ल RM 56-03 ब्लू सफायर घड़ी पहनी, जिसकी कीमत 50 करोड़ रुपये से भी अधिक है। इसके अलावा उनके पास रोलेक्स डायटोना और ऑडेमर्स पिगेट रॉयल ओक जैसी कीमती घड़ियां भी हैं। Hardik Pandya