Tokyo Paralympic-तीरंदाजी में पहला पदक जीत हरविंदर सिंह ने रचा इतिहास
भारत
चेतना मंच
04 Sep 2021 09:52 AM
टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय पैरा एथलीटों का लगातार शानदार प्रदर्शन जारी है। 3 सितंबर का दिन भारतीय पैरा एथलीटों के लिए बेहद शानदार रहा। इस दिन एक दो नहीं बल्कि भारतीय एथलीटों ने तीन पदक पर अपना कब्जा जमाया। इस दिन की सबसे खास बात यह रही कि, भारतीय एथलीट हरविंदर सिंह ने तीरंदाजी में भारत को पहला पदक दिलाया। इससे पहले तीरंदाजी में भारत को कभी कोई पदक नहीं मिला था।
तीरंदाज हरविंदर सिंह ने पैरालंपिक में पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। इन्होंने कोरिया के सू मिन किम को 6-5 के अंतर से हराकर कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमा लिया है। इसके साथ ही हरविंदर सिंह भारत के पहले तीरंदाज बन गए हैं जिन्होंने पैरालंपिक में भारत के लिए पदक जीता है।
हरविंदर सिंह और सू मिन किम के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। शूट ऑफ के जरिए मैच का परिणाम निकाला जा सका। हरविंदर और सु मिन एक दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे थे। फाइनल स्कोर में हरविंदर ने 10 जबकि सु मिन ने 8 का स्कोर किया, और इस तरह से हरविंदर ने पदक अपने नाम कर लिया