
IPL 2025 : आईपीएल 2025 का लीग चरण अब अपने अंजाम पर पहुंच चुका है। सात हफ्तों तक चले इस क्रिकेट महायज्ञ में कभी किसी टीम की उम्मीदें जगीं, तो कभी किसी का सपना टूटता नजर आया। 70 मैचों के उतार-चढ़ाव भरे सफर के बाद आखिरकार तय हो गई हैं वो चार टीमें, जिन्होंने अपने खेल, जज्बे और धैर्य के दम पर प्लेऑफ की दहलीज पार की है—पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस।
पंजाब किंग्स की कहानी भावनाओं, उतार-चढ़ाव और अंतहीन प्रतीक्षा की कहानी है। 17 सालों के इंतज़ार के बाद यह महज तीसरी बार है जब यह टीम अंतिम-चार में पहुंची है। 2008 में सेमीफाइनल में, 2014 में फाइनल में पहुंची, लेकिन ट्रॉफी से दूर रह गई थी। 2025 में पंजाब ने लीग टेबल में पहला स्थान हासिल किया है—यानी आत्मविश्वास और फॉर्म दोनों टीम के साथ हैं। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम में अनुशासन भी दिख रहा है और एक नई लय भी। अगर इस बार पंजाब ट्रॉफी जीतता है, तो यह सिर्फ एक टीम की जीत नहीं होगी, बल्कि उसके चाहने वालों की भी जीत होगी, जिन्होंने वर्षों तक अपने धैर्य को ज़िंदा रखा।
प्लेऑफ का इतिहास
2008 – दूसरे स्थान पर, सेमीफाइनल में हार
2014 – पहले स्थान पर, फाइनल में हार
2025 – पहले स्थान पर, प्लेऑफ में
आरसीबी—एक नाम, एक जुनून, लेकिन अब तक एक अधूरा सपना। इस टीम ने 10 बार प्लेऑफ में जगह बनाई है और तीन बार फाइनल भी खेला, मगर ट्रॉफी अब भी उनके ड्रेसिंग रूम से दूर है। 2025 में टीम दूसरे स्थान पर रही और फिर से उम्मीदें परवान चढ़ गई हैं। विराट कोहली की मौजूदगी, युवाओं की ऊर्जा और रणनीतिक समझ इस बार टीम को मंज़िल तक पहुंचा सकती है। फैंस हर साल दिल थामकर इंतजार करते हैं, शायद यह साल वो हो जब बेंगलुरु की छत पर आतिशबाज़ी हो।
प्लेऑफ का इतिहास
2009, 2011, 2016 – उपविजेता
कुल 10 बार प्लेऑफ में, लेकिन खिताब अब तक नहीं
गुजरात टाइटंस का सफर बाकी टीमों के मुकाबले नया है, लेकिन आत्मविश्वास और निरंतरता में कहीं से भी कम नहीं। 2022 में आईपीएल में डेब्यू करने वाली यह टीम अपने पहले ही साल में चैंपियन बनी और 2023 में उपविजेता रही। 2024 में एक अस्थायी झटका लगा, लेकिन 2025 में यह फिर तीसरे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में लौटी है।
टीम में स्पष्टता है, संयोजन है और एक ‘विजेता’ की सोच भी। हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी के बावजूद टीम ने खुद को साबित किया है। यह टीम किसी भी बड़े मौके पर चौंका सकती है।
प्लेऑफ का इतिहास
2022 – चैंपियन
2023 – उपविजेता
2025 – तीसरे स्थान पर, प्लेऑफ में
मुंबई इंडियंस की बात हो और उनकी सफलता का जिक्र न हो, ऐसा संभव नहीं। पांच बार की विजेता इस टीम ने आईपीएल में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। 2013 से 2020 तक कई बार उन्होंने ट्रॉफी उठाई, लेकिन दिलचस्प बात ये है कि कभी भी तीसरे या चौथे नंबर से चैंपियन नहीं बने। आईपीएल 2025 में चौथे स्थान पर रहकर मुंबई के सामने एक और मौका आया है अपनी कहानी को नए सिरे से लिखने का। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई के पास अनुभव का खजाना और युवा उत्साह दोनों हैं। अब ये देखने वाली बात है कि क्या उनका चैंपियन बनने का ‘डीएनए’ फिर से सक्रिय होगा और इतिहास दोहराएगा।
प्लेऑफ का इतिहास
कुल 11 बार प्लेऑफ में
तीसरे या चौथे स्थान से अब तक फाइनल भी नहीं खेला है। IPL 2025