खास बात यह है कि कोहली ने पहली बार अक्टूबर 2013 में नंबर-1 का ताज पहना था और तब से वह कई बार शीर्ष स्थान पर लौटकर साबित कर चुके हैं कि वनडे क्रिकेट में उनकी बादशाहत सिर्फ आंकड़ों की नहीं, निरंतरता की भी कहानी है।

Virat Kohli : भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली ने एक बार फिर आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 का ताज हासिल कर लिया है। लेकिन इस उपलब्धि के ऐलान के साथ ही आईसीसी की एक बड़ी चूक सामने आई, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। विवाद बढ़ा तो आईसीसी ने न सिर्फ पोस्ट हटाई, बल्कि सही आंकड़ों के साथ गलती भी सुधार दी।
कोहली की नंबर-1 पर वापसी की कहानी 14 जनवरी 2026 को लिखी गई, जब वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने 93 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत की नींव रख दी। इसी प्रदर्शन के दम पर ‘किंग कोहली’ 2021 के बाद फिर से आईसीसी वनडे रैंकिंग के शिखर पर जा पहुंचे। खास बात यह है कि कोहली ने पहली बार अक्टूबर 2013 में नंबर-1 का ताज पहना था और तब से वह कई बार शीर्ष स्थान पर लौटकर साबित कर चुके हैं कि वनडे क्रिकेट में उनकी बादशाहत सिर्फ आंकड़ों की नहीं, निरंतरता की भी कहानी है।
वनडे क्रिकेट में कोहली का दबदबा उनके आंकड़े खुद बयां करते हैं। अपने करियर में वह कुल 1547 दिन तक आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज रहे हैं। इतना ही नहीं, वह एक दौर में लगातार 1257 दिन तक शीर्ष पर बने रहे। भारतीय बल्लेबाजों में सबसे लंबे समय तक नंबर-1 रहने का रिकॉर्ड भी कोहली के ही नाम बताया गया है। साथ ही यह आंकड़ा उन्हें क्रिकेट इतिहास की सर्वकालिक सूची में तीसरे स्थान पर रखता है, जहां सबसे ऊपर वेस्टइंडीज के महान विवियन रिचर्ड्स का नाम आता है (कुल 2306 दिन)।
हालांकि, रैंकिंग जारी करते वक्त आईसीसी से बड़ी चूक हो गई। आधिकारिक पोस्ट में विराट के नंबर-1 रहने के कुल दिनों का आंकड़ा 1547 की बजाय 825 दिन बता दिया गया। यानी कोहली के रिकॉर्ड से 722 दिन कम दिखा दिए गए। जैसे ही यह पोस्ट सामने आई, सोशल मीडिया पर फैंस ने आईसीसी को घेरना शुरू कर दिया। कई यूजर्स ने सवाल उठाए कि इतने बड़े रिकॉर्ड में ऐसी गलती कैसे हो सकती है।
सोशल मीडिया पर बढ़ते दबाव के बीच आईसीसी को अपनी पोस्ट में तुरंत संशोधन करना पड़ा। अपडेटेड जानकारी में संस्था ने स्पष्ट किया कि विराट कोहली ने अक्टूबर 2013 में पहली बार वनडे रैंकिंग का नंबर-1 ताज पहना था और तब से अब तक वह कुल 1547 दिन शीर्ष पर रह चुके हैं। आईसीसी के मुताबिक यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा नंबर-1 की कुर्सी पर बिताया गया सबसे लंबा समय है। Virat Kohli