
आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल आज यानी गुरुवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले पर पूरे क्रिकेट जगत की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि जीतने वाली टीम 2 नवंबर को फाइनल में पहुंचेगी। लेकिन इस मैच से पहले एक पुरानी याद फिर ताजा हो रही है साल 2017 की उस सेमीफाइनल की जब हरमनप्रीत कौर के तूफान ने ऑस्ट्रेलिया को धूल चटा दी थी। ICC Women's ODI World Cup 2025
साल 2017, इंग्लैंड में खेला जा रहा था वर्ल्ड कप सेमीफाइनल। सामने थी ऑस्ट्रेलिया विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीम। भारत ने पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन शुरुआत बेहद खराब रही। स्मृति मंधाना और पूजा वस्त्राकर जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गईं, और भारत का स्कोर 35/2 पर लड़खड़ा रहा था। तभी मैदान में आईं हरमनप्रीत कौर और फिर जो हुआ, वो भारतीय क्रिकेट के इतिहास में दर्ज हो गया। हरमनप्रीत ने 115 गेंदों पर नाबाद 171 रन ठोके, जिनमें 20 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने डर्बी के मैदान को ‘हरमन का घर’ बना दिया।
भारत ने 42 ओवर में ऑस्ट्रेलिया के सामने 282 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा। जवाब में कंगारू टीम 245 पर ढेर हो गई। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने 3 और झूलन गोस्वामी ने 2 विकेट झटके। इस जीत के साथ भारत फाइनल में पहुंचा, हालांकि इंग्लैंड से मुकाबला हारकर रनर-अप रह गया।
अगर वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया सबसे सफल टीम है — उसने अब तक 7 बार खिताब जीता है और मौजूदा डिफेंडिंग चैम्पियन भी है। वहीं भारत की टीम ने 2005 और 2017 में फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन खिताब से बस एक कदम दूर रह गई। ICC Women's ODI World Cup 2025