
दुबई में एशिया कप 2025 का भारत-पाकिस्तान मैच हाई-वोल्टेज क्रिकेट ड्रामे से भरपूर रहा। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को सात विकेट से धूल चटाई, लेकिन असली सुर्खियां बनीं मैदान से बाहर की ‘नो हैंडशेक स्टोरी’। रविवार (14 सितंबर) को टॉस से लेकर पोस्ट-मैच तक भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाक कप्तान सलमान अली आगा से हाथ मिलाने से परहेज़ किया। नतीजा यह हुआ कि सोशल मीडिया पर मैच का स्कोरकार्ड कम और ‘नो हैंडशेक मोमेंट’ ज़्यादा ट्रेंड करने लगा। अब यही घटना भारत-पाक भिड़ंत का सबसे गर्म मुद्दा बन गई है। Ind Vs Pak
पोस्ट-मैच सेरेमनी में सूर्यकुमार यादव ने जीत को पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों और भारतीय सुरक्षाबलों को समर्पित किया। उन्होंने साफ कहा कि यह जीत पहलगाम आतंकी हमले के शहीदों और भारतीय सेना को समर्पित है। सूर्या बोले— यह सिर्फ क्रिकेट नहीं, देश के लिए हमारा छोटा-सा योगदान है।” वहीं ‘नो हैंडशेक’ विवाद पर भी उन्होंने दो टूक जवाब दिया - यह कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं, बल्कि सरकार और बीसीसीआई की साझा नीति थी।
भारत से हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा का चेहरा तो क्या, उनका साया भी अवॉर्ड सेरेमनी में नजर नहीं आया। इस गैरहाज़िरी पर कोच माइक हेसन ने झुंझलाते हुए भारतीय खिलाड़ियों पर आरोप जड़ दिया कि उन्होंने न हाथ मिलाया, न ही दोस्ताना बातचीत की। पर कहानी यहीं खत्म नहीं हुई—पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने तो बाकायदा शिकायत की झोली खोल दी। टीम मैनेजर नवीद अख्तर चीमा ने मैच रेफरी पर भी ठीकरा फोड़ते हुए दावा किया कि टॉस के वक्त खुद रेफरी ने दोनों कप्तानों को “नो हैंडशेक मोड” पर भेज दिया था। अब चाहे हार का गम हो या हाथ न मिलने की कसक, पाकिस्तान की खीझ सुर्खियों में जरूर छा गई।
मैदान पर मुकाबला शुरू होते ही भारतीय गेंदबाजों ने पाक बल्लेबाज़ों को जैसे पिंजरे में कैद कर दिया। कुलदीप यादव (3 विकेट, 19 रन) और अक्षर पटेल (2 विकेट) ने स्पिन का ऐसा जाल बिछाया कि पाकिस्तान की पारी लड़खड़ाती हुई 127/9 पर सिमट गई। आख़िर में शाहीन अफरीदी ने 16 गेंदों पर नाबाद 33 रन ठोककर कुछ रंगत ज़रूर भरी, मगर स्कोर बोर्ड पर रोशनी कम ही रही। जवाब में भारत ने शुरुआत से ही हमला बोला—अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 13 गेंदों पर 31 रन ठोक डाले और कप्तान सूर्या (47 रन, 37 गेंद) ने मैच को अपने नाम का मुहर लगाई। तिलक वर्मा की दमदार 31 रन की पारी ने जीत को और मजबूत किया और भारत ने महज़ 7 विकेट खोकर यह हाई-वोल्टेज मुकाबला आसानी से जीत लिया। Ind Vs Pak