
India Women Under 19s vs England Under 19s: पोटचेफ्सट्रूम। भारतीय महिला टीम ने पहली बार खेले जा रहे अंडर-19 टी20 विश्व कप के फाइनल में रविवार को यहां इंग्लैंड को सात विकेट से शिकस्त दी। भारत ने जीत के लिए मिले 69 रन के लक्ष्य को 14 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
यह किसी भी भारतीय महिला टीम का पहला वैश्विक खिताब है। सीनियर टीम सभी प्रारूपों में तीन मौकों पर विश्व कप के फाइनल में पहुंची लेकिन हर बार खिताब से दूर रह गयी थी।
शेफाली वर्मा की अगुआई में भारत की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने 29 जनवरी 2023 को इतिहास रच दिया। भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया। भारत ने महिला क्रिकेट में पहली बार आईसीसी की ट्रॉफी जीती है। दक्षिण अफ्रीका के पॉचेफ्सट्रूम में खेले गए भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय बॉलर्स ने शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने इंग्लैंड की टीम को 17.1 ओवर में महज 68 रन पर ढेर कर दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 14 ओवर में 3 विकेट पर 69 रन बनाकर मैच और खिताब अपने नाम किया। भारत की ओर से सौम्या तिवारी (नाबाद) और गोंगदी तृषा ने 24-24 रन बनाए।
शेफाली वर्मा 15 रन बनाकर आउट हुईं। इंग्लैंड की ओर से हना बेकर, कप्तान ग्रेस और एलेक्सा स्टोनहाउस ने एक-एक विकेट लिए। भारत की ओर से तितास साधु, अर्चना देवी और पार्शवी चोपड़ा ने क्रमशः 6, 17 और 13 रन देकर 2-2 विकेट लिए। कप्तान शेफाली वर्मा, मन्नत कश्यप और सोनम यादव ने भी एक-एक बैटर को पवेलियन भेजा। अर्चना देवी ने भी एक कैच लपका।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। तितास साधु ने मैच की चौथी गेंद में ही लिबर्टी हेप को पवेलियन भेज दिया। वह अपना खाता भी नहीं खोल सकीं। साधु ने अपनी ही गेंद पर लिबर्टी का कैच पकड़ा। इसके बाद कप्तान ग्रेस और फियोना हॉलैंड ने इंग्लैंड की पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन चौथे ओवर में अर्चना देवी ने दोनों को आउट कर इंग्लैंड को बैकफुट में डाल दिया। ग्रेस चार और हॉलैंड 10 रन बनाकर आउट हुईं।
16 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद इंग्लैंड की टीम दबाव में आ गई और इसका फायदा उठाकर भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल में विकेट लिए। 22 रन के स्कोर पर इंग्लैंड का चौथा विकेट गिरा। सेरेन को तितास साधु ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद चैरिस पैवले और मैकडोनाल्ड ने 17 रन की साझेदारी की। पैवले के आउट होने के साथ ही इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल में विकेट निकाले और इंग्लैंड की टीम को 68 रन पर समेट दिया।