IPL-2023 : केकेआर के खिलाफ दिल्ली के लिए करो या मरो का मुकाबला
IPL-2023: Do or die match for Delhi against KKR
भारत
चेतना मंच
19 Apr 2023 08:41 PM
नई दिल्ली। खराब फॉर्म से जूझ रही दिल्ली कैपिटल्स को इंडियन प्रीमियर लीग के ‘करो या मरो’ के मुकाबले में बृहस्पतिवार को हर हालत में कोलकाता नाइट राइडर्स यानि केकेआर को हराना होगा। पिछले सत्र में टीम के स्टार रहे पृथ्वी साव पर गाज गिर सकती है। इस सत्र में पांच मैचों में साव 34 रन ही बना सके हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 15 रन रहा है। इससे उनके टीम से बाहर किये जाने की आशंका प्रबल हो गई है।
IPL-2023
मौजूदा सत्र में एक भी मैच नहीं जीत पाई है दिल्ली
दिल्ली इस सत्र में अभी तक पांचों मैच गंवा चुकी है, जिससे केकेआर के खिलाफ मैच में शीर्ष क्रम में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। विकेट कीपर बल्लेबाज के रूप में आजमाये गए सरफराज खान को पावरप्ले के ओवरों के लिये विशेषज्ञ सलामी बल्लेबाज के रूप में उतारा जा सकता है, जबकि दूसरा विकल्प अनुभवी मनीष पांडे को ऊपर भेजने का हो सकता है। डेविड वॉर्नर की अगुवाई वाली टीम अगर यह मैच हार जाती है तो प्लेआफ में पहुंचने के सारे दरवाजे लगभग बंद हो जायेंगे। दूसरी ओर केकेआर पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से मिली हार को भुलाना चाहेगी। कप्तान नितिश राणा, मध्यक्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह और वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज आंद्रे रसेल के पास किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ने की काबिलियत है।
दिल्ली के लिये सबसे बुरी खबर साव का खराब फॉर्म रहा है। पूर्व अंडर 19 विश्व कप विजेता कप्तान अपने चिर परिचित अंदाज में नहीं दिखे हैं। उन्होंने 2021 में 479 और पिछले साल दस मैचों में 283 रन बनाये थे, लेकिन इस बार तेज गेंदबाजों का वह सामना भी नहीं कर पा रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ पिछले मैच में वह रन आउट हो गए, जिसमें दिल्ली को 23 रन से पराजय झेलनी पड़ी। वॉर्नर के खराब फॉर्म की आलोचना भले ही हो रही है, लेकिन दूसरे छोर से विकेटों के पतन के बीच उन्हें खुलकर खेलने का मौका ही नहीं मिल रहा। उन्होंने पांच मैचों में 116 की स्ट्राइक रेट से 228 रन बनाये हैं। आस्ट्रेलिया के मिशेल मार्श तीसरे नंबर पर चल नहीं सके हैं। ऐसे में रिली रोसोयू या रोवमैन पावेल को उतारा जा सकता है।
IPL-2023
धुल के पास है तकनीक की कमी
यश धुल के पास तकनीक की कमी है और वह इससे उबर नहीं पा रहे हैं। दिल्ली की बेंच स्ट्रेंथ भी काफी कमजोर है, जिसकी वजह से खराब फॉर्म से जूझ रहे खिलाड़ियों के विकल्प ही नहीं है। केकेआर टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज की जगह इंग्लैंड के जैसन रॉय को उतारा जा सकता है। लेग स्पिनर सुयश शर्मा का अपने घरेलू मैदान पर यह पहला मैच होगा। केकेआर की सफलता की कुंजी नितिश, रिंकू, रसेल और वेंकटेश अय्यर का फॉर्म रहेगी।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।