IPL-2023 : चेन्नई सुपर किंग्स से पार पाना राजस्थान रॉयल्स के लिए आसान नहीं
It is not easy for Rajasthan Royals to overcome Chennai Super Kings
भारत
चेतना मंच
26 Apr 2023 07:59 PM
जयपुर। पिछले दो मैचों में हार से पस्त राजस्थान रॉयल्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में गुरुवार को यहां चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ वापसी करने की उम्मीद से मैदान पर उतरेगा। लेकिन, लगातार तीन जीत के बाद उत्साह से लबरेज महेंद्र सिंह धोनी की टीम से पार पाना उसके लिए आसान नहीं होगा।
IPL-2023
सभी टीमों पर भारी पड़ रहे हैं रहाणे के आक्रामक तेवर
ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे की शानदार बल्लेबाजी से चेन्नई ने पिछले तीन मैचों में आसान जीत दर्ज की। ऐसे में इस मैच में चेन्नई के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों और राजस्थान के विश्वस्तरीय स्पिनरों के बीच रोमांचक मुकाबला होने की संभावना है। कॉनवे ने इस सत्र में अभी तक शानदार बल्लेबाजी करके सात मैचों में 314 रन बनाए हैं, जबकि अजिंक्य रहाणे के आक्रामक तेवर सभी टीमों पर भारी पड़ रहे हैं। उन्होंने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ केवल 29 गेंदों पर नाबाद 71 रन की तेजतर्रार पारी खेली थी। रहाणे अभी तक पांच मैचों में 209 रन बना चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 199.04 है।
रॉयल्स के लिए यह राहत की बात है कि उसने इस सत्र में चेन्नई के खिलाफ पिछला मैच जीता था। उस मैच में भी धोनी ने एक समय चेन्नई को जीत के करीब पहुंचा दिया था, लेकिन आखिर में उनकी टीम को घरेलू दर्शकों के सामने तीन रन से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन तब से लेकर चीजें काफी बदल चुकी हैं। चेन्नई पांच जीत से 10 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच चुका है। सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुरुवार को होने वाले मैच में जीत से उसने प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को मजबूती मिलेगी। इसके लिए वहां राजस्थान को उसके घरेलू मैदान पर हराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। लगातार दो मैचों में हार से राजस्थान अपनी टीम का अभियान वापस पटरी पर लाने के लिए बेताब होगा और चेन्नई की मजबूत टीम के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहेगा।
IPL-2023
पिच से स्पिनरों को मदद मिलने की उम्मीद
यदि चेन्नई को हराना है तो राजस्थान के चोटी के बल्लेबाजों जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। पिच से स्पिनरों को मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में राजस्थान के स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। राजस्थान रॉयल्स भले ही अपने घरेलू मैदान पर खेल रहा होगा, लेकिन इस बात की पूरी संभावना है कि दर्शकों से धोनी को अपार समर्थन मिलेगा जैसे कि कुछ दिन पहले कोलकाता में हुआ था। माना जा रहा है कि धोनी अंतिम बार आईपीएल में खेल रहे हैं।