IPL-2023 : टीम की बल्लेबाजी से संतुष्ट, हर मैच में सभी खिलाड़ी नहीं चल सकते : बदानी
Satisfied with the team's batting, not all players can play in every match: Badani
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:46 PM
नई दिल्ली। मयंक अग्रवाल, राहुल त्रिपाठी और हैरी ब्रूक जैसे बल्लेबाजों के योगदान के बिना भी सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। इतना ही नहीं, उसने रोमांचक मैच में दिल्ली कैपिटल्स को नौ रन से शिकस्त दी। टीम के मुख्य बल्लेबाजों के विफल रहने के बावजूद सनराइजर्स के बल्लेबाजी कोच हेमंग बदानी बल्लेबाजों के प्रदर्शन से संतुष्ट दिखे।
IPL-2023
हैदराबाद ने बनाए थे 197 रन
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 36 गेंद में 67 रन और हेनरिच क्लासेन की 27 गेंद में नाबाद 53 रन की पारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 197 रन बनाए। इसके जवाब में उसने दिल्ली की पारी को छह विकेट पर 188 रन पर रोक दिया। मयंक, राहुल और ब्रूक के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी के बारे में पूछे जाने पर बदानी ने कहा कि यह लय हासिल करने और गेंद और बल्ले का सही संपर्क होने के बारे में है। मेरा मानना है कि एक मैच में बेहतर पारी से इसे हासिल किया जा सकता है।
किसी भी मैच में सिर्फ दो-तीन बल्लेबाज ही रन बनाते हैं
बदानी ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हैरी विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में से एक होगा। मयंक कई वर्षों से आईपीएल में है। उन्होंने पंजाब किंग्स का नेतृत्व किया है। इस टूर्नामेंट में उनका कद बड़ा है। यह समय की बात है और वह बड़ी पारी के करीब है। उन्होंने कहा कि आप किसी भी कोच से पूछेंगे तो वह इस स्कोर (197 रन) से काफी खुश होगा। अगर आप अन्य टीमों को भी देखें तो बड़े स्कोर में उसके सभी पांच या छह बल्लेबाज रन नहीं बनाते हैं। हमेशा दो या तीन बल्लेबाज ही बड़ी पारियां खेलते हैं। इस पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा कि हमने मैच में जो जज्बा दिखाया वह मुझे अच्छा लगा। मुझे लगता है कि पूरे सत्र में शायद दूसरी बार ही हमने पावरप्ले में लगभग 60 रन बनाए हैं।
मिशेल मार्श (63) और फिल साल्ट (59) की दूसरे विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स की टीम जीत की ओर बढ़ रही थी। बदानी ने कहा कि स्ट्रेजिक टाइम आउट के दौरान उनकी टीम ने गेंदबाजी योजना में बदलाव किया, जो कारगर साबित हुआ। बदानी ने कहा कि अगर मैं कहूं कि इस साझेदारी को देख कर हम चिंतित नहीं थे तो यह झूठ होगा। टाइम आउट के दौरान हमने गेंदबाजों को संदेश दिया कि गेंद थोड़ी आगे की ओर टप्पा करायें और उसकी गति को कम करें। हमने स्पिनरों को गेंद को अधिक स्पिन करने के लिए कहा था। बड़े स्कोर वाले मैचों में जब आप साझेदारी तोड़ते हो तो एक साथ कई विकेट गिर जाते हैं और आज यही हुआ।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।