
IPL 2025 : RCB ने IPL 2025 के प्लेऑफ से पहले अपनी बल्लेबाज़ी लाइन-अप को और दमदार बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। टीम ने न्यूजीलैंड के तेज़तर्रार बल्लेबाज़ और विकेटकीपर टिम सीफर्ट को स्क्वाड में शामिल कर लिया है। वह इंग्लिश खिलाड़ी जैकब बेथेल की जगह टीम का हिस्सा बनेंगे।
रजत पाटीदार की कप्तानी में खेल रही RCB ने अब तक लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 में से 8 मुकाबले जीत लिए हैं। इस प्रदर्शन के चलते टीम ने प्लेऑफ में पहले ही अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। अब बेंगलुरु की नजरें लीग स्टेज को टॉप-2 में खत्म करने पर हैं, ताकि क्वालिफायर-1 में खेलने का मौका मिल सके।
जैकब बेथेल इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए ड्यूटी निभाने के कारण IPL का शेष हिस्सा नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में टीम को मजबूरी में रिप्लेसमेंट की ज़रूरत पड़ी, जिस पर RCB ने तेज़ी से निर्णय लेते हुए टिम सीफर्ट को 2 करोड़ रुपये की कीमत में स्क्वाड में शामिल कर लिया है।
टिम सीफर्ट को IPL का अनुभव भी है। वह इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि, उन्हें सीमित मौके ही मिले, और अब तक तीन मैचों में उन्होंने कुल 26 रन बनाए हैं। लेकिन उनकी T20 विशेषज्ञता को देखते हुए RCB ने उन पर भरोसा जताया है।
सीफर्ट का टी20 करियर काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 262 मैचों में 27.65 की औसत और 133.07 के स्ट्राइक रेट से 5862 रन बनाए हैं। उनके नाम 3 शतक और 28 अर्धशतक दर्ज हैं, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी क्षमता को दर्शाते हैं। वर्तमान में वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में कराची किंग्स के लिए खेल रहे हैं और RCB के अंतिम लीग मुकाबले से पहले उनके टीम से जुड़ने की उम्मीद है। IPL 2025