Advertisement
Advertisement

Cricket News : क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज़ जो रूट एक और उपलब्धि के बेहद करीब हैं। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक रूट 99 रन बनाकर नाबाद लौटे और अब दूसरे दिन जैसे ही वह एक रन और जोड़ते हैं, वह टेस्ट करियर का 37वां शतक पूरा कर लेंगे। जो रूट जैसे ही अपना अगला टेस्ट शतक पूरा करेंगे, वह एक अहम रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। यह शतक उन्हें ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ से आगे ले जाकर टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में पांचवें स्थान पर स्थापित कर देगा। फिलहाल दोनों खिलाड़ियों के नाम 36-36 शतक दर्ज हैं ।
लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन शुरुआत कुछ खास नहीं रही। भारतीय युवा गेंदबाज़ नितीश कुमार रेड्डी ने बेन डकेट (23) और जैक क्रॉली (18) को एक ही ओवर में पवेलियन भेजकर मेज़बानों को शुरुआती झटका दे दिया। ओली पोप (44) और हैरी ब्रूक (11) भी अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। लेकिन इसके बाद जो रूट ने कप्तान बेन स्टोक्स के साथ मोर्चा संभालते हुए पांचवें विकेट के लिए 79 रनों की अहम साझेदारी कर इंग्लैंड की पारी को संभाला।
जो रूट अब तक 156 टेस्ट मैचों की 284 पारियों में 36 शतक और 67 अर्धशतक जड़ चुके हैं। यदि वह लॉर्ड्स टेस्ट में अपना 37वां शतक पूरा करते हैं, तो न केवल स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ेंगे, बल्कि वह श्रीलंका के कुमार संगकारा (38 शतक) से भी महज़ दो शतक दूर रह जाएंगे।
टेस्ट क्रिकेट में अब तक सर्वाधिक शतक जड़ने वाले बल्लेबाज़ इस प्रकार हैं
सचिन तेंदुलकर – 51
जैक कैलिस – 45
रिकी पोंटिंग – 41
कुमार संगकारा – 38
जो रूट / स्टीव स्मिथ – 36
जो रूट टेस्ट के अलावा वनडे में भी 18 शतक लगा चुके हैं। इस तरह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम कुल 54 शतक दर्ज हैं। यदि वह लॉर्ड्स में शतक लगाते हैं, तो वह इस सूची में हाशिम अमला की बराबरी कर लेंगे, जिनके नाम भी 55 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक शतक
सचिन तेंदुलकर – 100
विराट कोहली – 82
रिकी पोंटिंग – 71
कुमार संगकारा – 63
जैक कैलिस – 62
हाशिम अमला – 55
जो रूट – 54
महेला जयवर्धने – 54 Cricket News