
IPL 2025 : आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 20 रनों से हराकर क्वालीफायर-2 में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब उनकी भिड़ंत पंजाब किंग्स से होने वाली है, जो 1 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाएगा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई ने इस सीजन जबरदस्त प्रदर्शन दिखाया है।
2011 से आईपीएल में प्लेऑफ मुकाबलों के आयोजन के बाद से मुंबई इंडियंस ने कुल चार बार क्वालीफायर-2 मुकाबले खेले हैं। इन चारों मैचों में उनका प्रदर्शन औसत रहा है, जहां उन्होंने दो मैच जीते और दो में हार का सामना किया। खास बात यह है कि जब भी मुंबई ने क्वालीफायर-2 जीता है, तब टीम ने अंत में ट्रॉफी भी अपने नाम की है। मुंबई ने 2011 में आरसीबी के खिलाफ क्वालीफायर-2 में हार झेली थी, लेकिन 2013 में राजस्थान रॉयल्स को मात देकर फाइनल में पहुंची और चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर खिताब जीता।
2017 के आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस ने क्वालीफायर-2 में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में उन्होंने राइजिंग पुणे सुपर जाएंट्स के खिलाफ जबरदस्त मुकाबला दिया और एक रन की रोमांचक जीत के साथ ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया। वहीं, साल 2023 में मुंबई को क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
क्वालीफायर-2 में मुंबई इंडियंस की टक्कर पंजाब किंग्स से होगी, जिनके खिलाफ मुंबई का रिकॉर्ड बराबरी पर है। आईपीएल इतिहास में मुंबई ने पंजाब के खिलाफ 33 मैच खेले, जिनमें 17 में जीत मिली जबकि 16 में हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन की लीग स्टेज में भी मुंबई को पंजाब से 7 विकेट से हार मिली थी, जिससे यह मुकाबला और भी रोमांचक होगा। IPL 2025