
IPL 2025 : आईपीएल 2025 का पहला क्वालीफायर मुकाबला पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेला जाएगा। इस मैच की सबसे बड़ी चर्चा विराट कोहली पर बनी रहेगी, क्योंकि उनका बल्ला पंजाब किंग्स के खिलाफ खासा चल रहा है। आरसीबी ने इस सीजन शानदार खेल दिखाया है, जिसमें विराट कोहली की बेहतरीन बल्लेबाजी ने टीम को मजबूती दी है। कोहली अब तक 600 से ज्यादा रन बना चुके हैं और इस क्वालीफायर मैच में भी बड़ी पारी खेलने की उम्मीद है। टीम ने लीग मैचों में दूसरे स्थान पर रहते हुए 19 अंक जुटाए हैं, और अब उनकी भिड़ंत पंजाब किंग्स से होगी।
अगर हम कोहली का पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल रिकॉर्ड देखें तो वह काफ़ी प्रभावशाली है। अब तक कोहली ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 34 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 36.80 के औसत से कुल 1104 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी शानदार रहा है, जो 133.49 का है। इस दौरान उन्होंने एक शतक और छह अर्धशतक भी लगाए हैं।
अगर कोहली इस क्वालीफायर मैच में 31 रन बना लेते हैं, तो वे डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़कर पंजाब किंग्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। वॉर्नर के नाम इस समय 1134 रन हैं। कोहली के शानदार फॉर्म को देखते हुए यह काम उनके लिए ज्यादा मुश्किल नहीं दिख रहा।
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह इस मैच में विराट कोहली के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। अब तक कोहली ने अर्शदीप की 51 गेंदों का सामना किया है और 93 रन बनाए हैं, लेकिन अर्शदीप उन्हें दो बार आउट भी कर चुके हैं। इसलिए ये देखना दिलचस्प होगा कि कोहली इस बार अर्शदीप के सामने कैसे खेलते हैं। IPL 2025