
कभी इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों में बेंच पर बैठे रहने को मजबूर रहे कुलदीप यादव ने एशिया कप के पहले ही मैच में ऐसा जलवा दिखाया कि क्रिकेट जगत दंग रह गया। लंबे इंतज़ार के बाद मौका मिला और कुलदीप ने साबित कर दिया कि उनकी फिरकी जब घूमती है, तो विपक्षी बल्लेबाजों के लिए बच निकलना नामुमकिन हो जाता है। इंग्लैंड दौरे पर टीम प्रबंधन ने पिच और कंडीशंस का हवाला देकर उन्हें बाहर रखा था, जबकि वॉशिंगटन सुंदर को तरजीह दी गई थी। लेकिन बुधवार को UAE के खिलाफ कुलदीप ने जिस परंपरागत अंदाज में गेंद को मोड़ा, उसने पूरी विपक्षी टीम को पस्त कर दिया। Asia Cup 2025
हल्की घास वाली पिच पर मौका मिलने के बाद कुलदीप ने सभी अटकलों को ध्वस्त कर दिया। उनके जादुई स्पेल (4 विकेट देकर सिर्फ 7 रन) और शिवम दुबे के तीन विकेट की बदौलत UAE की टीम महज 57 रन पर ढेर हो गई। यह भारत के खिलाफ किसी भी टीम का टी20 इंटरनेशनल में अब तक का सबसे कम स्कोर है। जवाब में भारत ने सिर्फ 27 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया।
कुलदीप का सुनहरा क्षण उनकी पारी के दूसरे ओवर में आया, जब उन्होंने महज़ छह गेंदों में राहुल चोपड़ा, मुहम्मद वसीम और हर्षिनत कौशिक को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद हैदर अली को आउट कर उन्होंने UAE की उम्मीदों पर पूरी तरह विराम लगा दिया।कुलदीप का यह प्रदर्शन एशिया कप टी20 इतिहास का दूसरा सबसे शानदार स्पेल है। इससे पहले 2022 में दुबई में भुवनेश्वर कुमार ने अफगानिस्तान के खिलाफ 5 विकेट झटके थे। गौर करने वाली बात यह भी है कि कुलदीप टी20 इंटरनेशनल में एक ओवर में तीन या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा अब तक चार बार कर चुके हैं। भारतीय गेंदबाजों में यह उपलब्धि केवल युजवेंद्र चहल के नाम (2 बार) भी दर्ज है, जबकि विश्व स्तर पर राशिद खान (6 बार) ही इस सूची में आगे हैं।
‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए कुलदीप ने अपनी सफलता का श्रेय टीम के नए स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच एड्रियन ले रॉक्स को दिया। उन्होंने कहा, “मैं लगातार अपनी फिटनेस और गेंदबाजी दोनों पर काम कर रहा था। सही लेंथ पर गेंद डालना सबसे अहम होता है। बल्लेबाज की सोच को भांपकर गेंद डालना ही मेरी रणनीति थी। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी मैच के बाद कुलदीप की जमकर तारीफ की और माना कि उनकी फिरकी भारतीय टीम के लिए एक्स-फैक्टर है।अब सबकी निगाहें 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले पर हैं, जहां कुलदीप से एक बार फिर जादू बिखेरने की उम्मीद होगी। Asia Cup 2025