
Cricket News : भारतीय टेस्ट टीम इंग्लैंड दौरे पर पांच मुकाबलों की अहम सीरीज के लिए पहुंच चुकी है। शुभमन गिल की अगुआई में इस बार एक युवा और अनुभवी खिलाड़ियों से सजी टीम मैदान में उतरने जा रही है। सीरीज का पहला टेस्ट 20 जून से शुरू होगा। हालांकि, इंग्लैंड की धरती पर भारत को पिछली टेस्ट सीरीज जीत 2007 में मिली थी, ऐसे में इस बार टीम इंडिया के सामने बड़ी चुनौती होगी। टेस्ट सीरीज से पहले ही इंग्लैंड के कोच ब्रैंडन मैकुलम ने भारत की तैयारियों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने माना कि भारतीय टीम मजबूत इरादों और अच्छी योजना के साथ इंग्लैंड आई है।
ब्रैंडन मैकुलम ने स्काई स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, भारत शानदार क्रिकेट खेलने वाला देश है, जो इस दौरे पर ऊंची उम्मीदों और जबरदस्त तैयारी के साथ आया है। हम भी इस चुनौती के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों का मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा रहना बेहद जरूरी है, क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में लंबी दूरी की सोच और योजना जरूरी होती है।
इंग्लैंड को इस सीरीज की शुरुआत से पहले तेज गेंदबाजों की चोटों से जूझना पड़ रहा है। मार्क वुड पहले तीन टेस्ट से बाहर हो गए हैं, वहीं जोफ्रा ऑर्चर भी शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। गस एटकिंसन की फिटनेस को लेकर भी संदेह बना हुआ है। हालांकि, कोच मैकुलम को बाकी गेंदबाजों पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने कहा, हमारे पास क्रिस वोक्स, सैम कुक, ब्रायडन कार्स, जेमी ओवरटन और जोश टंग जैसे विविधतापूर्ण तेज गेंदबाज हैं। स्पिन विभाग में शोएब बशीर का प्रदर्शन लगातार निखर रहा है। भारत के खिलाफ यह हमारे लिए एक बड़ी परीक्षा होगी और हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। Cricket News