News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिस पर दिनभर रहेगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on throughout the day
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:41 AM
देश :
भारतीय वायुसेना को आज नई ताकत मिलेगी। भारतीय वायुसेना में युद्ध कौशल को बढ़ावा देने के लिए देश में विकसित हल्के लड़ाकू हेलिकॉप्टर के पहले जत्थे को आज शामिल किया जाएगा। राजस्थान के जोधपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में स्वदेशी हेलिकॉप्टरों को भारतीय वायुसेना में शामिल किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि इन हेलिकॉप्टरों को शामिल करने से भारतीय वायुसेना की युद्ध क्षमता को काफी बढ़ावा मिलेगा। फोर्स में शामिल होने वाला यह नया हेलिकॉप्टर हवाई युद्ध में सक्षम है और संघर्ष के दौरान धीमी गति से चलने वाले विमानों, ड्रोन और बख्तरबंद टैंकरों से निपटने में एयर फोर्स की मदद करेगा। इस समारोह का नेतृत्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस दौरान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी भी उपस्थित रहेंगे।
उत्तर प्रदेश के भदोही में रविवार शाम को भीषण हादसा हो गया। यहां एक दुर्गा पंडाल में आग लगने से अब तक 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें 3 बच्चे और 2 महिला शामिल हैं। वहीं, 47 की हालत गंभीर है। इनके अलावा 15 लोग मामूली रूप झुलसे हैं। इन सभी को वाराणसी रेफर किया गया है। हादसा औराई क्षेत्र के नरथुआ में हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पंडाल में करीब 150 लोग मौजूद थे।
राजनीतिक :
स्वास्थ्य अधिक खराब होने पर दिल्ली से सटे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराए गए समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह की हालत सोमवार सुबह भी गंभीर बनी हुई है। रात को डायलिसिस करने के बाद भी सोमवार सुबह उनकी हालत में कोई सुधार नहीं आया है। उनकी हालत पहले की तरह ही गंभीर बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब कर्नाटक के अलग-अलग शहरों से होकर गुजर रही है। इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के 26वें दिन की शुरुआत मैसूर से की। इस दौरान उनके साथ कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया व कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार भी मौजूद रहे।
ईडी ने कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डीके शिवकुमार को नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े कथित मनी लांड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है। शिवकुमार को सात अक्टूबर को दिल्ली में जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। इससे पहले ईडी ने आय से अधिक संपत्ति रखने से जुड़े एक अन्य मनी लांड्रिंग मामले में कर्नाटक के पूर्व मंत्री से 19 सितंबर को दिल्ली में पूछताछ की थी।
अंतरराष्ट्रीय :
रूस-यूक्रेन में युद्ध हर रोज नए घटनाक्रम को जन्म दे रहा है। रूस द्वारा तेज किए गए हमलों के बाद अब यूक्रेन ने भी जवाबी हमले तेज कर दिए हैं। इस बीच यूक्रेन ने लाइमैन के पूर्वी लॉजिस्टिक्स हब पर पूर्ण नियंत्रण पाने का दावा किया है। रूस से जंग में कुछ हफ्तों से पिछड़ रहे यूक्रेन के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए यह बड़ा झटका उस समय लगा, जब यूक्रेन ने लाजिस्टिक हब को वापिस पाया। रूस के लिए यह क्षेत्र जमीनी संपर्क बनाने के लिए बहुत ही अहम केंद्र था।
ईरान में हिजाब के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने एक पुलिस चीफ की हत्या कर दी। अधिकारी का नाम कर्नल अब्दल्लाही है। कुर्दिस्तान के मारिवान में पुलिस उन्हीं के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ऑपरेशन चला रही थी। मॉरल पुलिस की कस्टडी में कुर्द मूल की लड़की महसा अमीनी की मौत के बाद से ईरान में हिजाब और सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा भड़क गया है। 16 सितंबर से चल रहे प्रदर्शनों में रविवार तक 133 लोगों की मौत हो चुकी है।
मौसम :
देश के कई राज्यों से मानसून की विदाई हो गई है। लेकिन, मौसम विभाग ने एक बार फिर करवट बदलने के संकेत दिए हैं। पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के कारण दशहरा उत्सव में खलल पड़ने की संभावना है। अगले 72 घंटों में पूरे दक्षिण बंगाल में मध्यम से भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। विभाग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मध्य और पूर्वोत्तर भारत में मंगलवार से भारी बारिश शुरू हो सकती है। एनसीआर में भी चार से छह अक्टूबर तक बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, ‘बंगाल की खाड़ी में बनने वाले एक सिनॉप्टिक वेदर सिस्टम के मद्देनजर, ओडिशा, झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश होगी।
खेल/खिलाड़ी :
टीम इंडिया ने एक हाई स्कोरिंग मैच में साउथ अफ्रीका को 16 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय टीम पहली बार साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत में कोई टी-20 सीरीज जीतने में कामयाब हुई है। दोनों के बीच पहली भारत में पहली टी-20 सीरीज 2015 में खेली गई थी। टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 237 रन बनाए।
कारोबार :
कच्चे तेल उत्पादक देशों का समूह ओपेक क्रूड ऑयल के उत्पादन में तीन प्रतिशत या एक मिलियन बैरल प्रतिदिन (10 लाख बैरल) से अधिक की कटौती कर सकता है। यह खबर ऐसे समय पर आई है, जब ओपेक की बैठक आने वाले बुधवार को वियना में होने वाली है। ओपेक समूह से एक प्रतिनिधि ने बताया कि उम्मीद से ज्यादा कटौती इस बात को दर्शाती है कि मौद्रिक नीतियों के सख्त होने के चलते वैश्विक अर्थव्यवस्था तेजी से धीमी हो रही है। डॉलर के मजबूत होने के कारण भी कच्चे तेल की कीमत प्रभावित हुई है। हालांकि तेल के उत्पादन में कटौती पर फैसला मंत्रियों की बैठक के बाद ही लिया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सोमवार को 2.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 87.66 डॉलर पर कारोबार कर रहा है। हालांकि राहत की बात है कि यह 90 डॉलर के नीचे बना हुआ है। देश की राजधानी दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये और डीजल 89.62 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94.27 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 102.63 रुपये तो डीजल 94.24 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल 106.03 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.76 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।