
एशिया कप 2025 के टी-20 मुकाबले में भले ही भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से मात देकर शानदार जीत दर्ज की हो, लेकिन सुर्खियों में जीत से ज्यादा हाथ न मिलाने की घटना छाई रही। सूर्यकुमार यादव ने छक्के के साथ मैच खत्म किया और साथी खिलाड़ी शिवम दुबे संग सीधे पवेलियन लौट गए। खेल भावना की परंपरा को तोड़ते हुए भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। यह महज नाराजगी नहीं, बल्कि एक संदेश था। टीम इंडिया ने साफ कर दिया कि यह फैसला पहलगाम आतंकी हमले में शहीद जवानों की शहादत को सम्मान देने के लिए लिया गया है। कप्तान सूर्यकुमार ने जीत को भारतीय सेना को समर्पित करते हुए कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को देखते हुए यह कदम पूरी तरह उचित था। Ind VS Pak
भारतीय खिलाड़ियों के इस रुख ने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया। हार के साथ आई इस ‘ना’ की गूंज वहां की मीडिया से लेकर क्रिकेट बोर्ड तक सुनाई दी। पाकिस्तानी टीम के मैनेजर नवीद अख्तर चीमा ने आईसीसी में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई, जबकि अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने लिखा– “भारत का इनकार पाकिस्तान के लिए किसी झटके से कम नहीं, जिसने पूरी टीम को शर्मिंदा कर दिया।” अखबार के मुताबिक, पाकिस्तानी खिलाड़ी हाथ मिलाने के लिए कतार में खड़े रहे और भारतीय टीम बिना रुके सीधे पवेलियन लौट गई। Ind VS Pak
इधर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने मैच रेफरी एंडी पाइक्राफ्ट पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों को बिना हाथ मिलाए मैदान छोड़ने की इजाजत दी। पीसीबी का कहना है कि टॉस के समय कप्तानों को सिर्फ मैच शुरू होने से पहले हाथ न मिलाने की हिदायत दी गई थी, लेकिन बाद में ऐसा कोई नियम नहीं था। पाकिस्तान का आरोप है कि इसी गफलत की वजह से उनके खिलाड़ियों को मैदान पर बेवजह ‘शर्मिंदगी’ झेलनी पड़ी। Ind VS Pak
पाकिस्तान का प्रमुख चैनल जियो टीवी इस विवाद को सीधे राजनीति से जोड़ता दिखा। उसने खबर को शीर्षक दिया– “निराशाजनक: मोदी सरकार के निर्देश पर भारत ने पाकिस्तान से हाथ मिलाने से किया इनकार।” चैनल का कहना था कि मैदान पर मिली जीत का जश्न भारतीय खिलाड़ियों के इस रुख के चलते फीका पड़ गया और खेल की परंपरा पर सवाल खड़े हो गए।
मैच शुरू होने से पहले ही एक तकनीकी गलती ने माहौल में तनाव भर दिया। राष्ट्रगान के समय डीजे ने पाकिस्तान का कौमी तराना बजाने की बजाय गलती से ‘जलेबी बेबी’ गाना चला दिया। थोड़ी देर बाद त्रुटि को दुरुस्त कर सही राष्ट्रगान बजा दिया गया, लेकिन इस चूक ने खिलाड़ियों से लेकर दर्शकों तक सभी को असहज कर दिया। पाकिस्तानी मीडिया ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई है। Ind VS Pak
भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा रोमांच और भावनाओं से भरे रहते हैं, लेकिन इस बार खेल भावना की परंपरा टूटी तो विवाद और गहराई तक पहुंच गया। भारतीय टीम का फैसला सुरक्षा और सम्मान के संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जबकि पाकिस्तान इसे अपनी ‘बेज्जती’ बता रहा है। साफ है कि मुकाबला भले ही भारत ने मैदान पर जीता, लेकिन चर्चा अब मैदान से बाहर ज्यादा गरमा रही है। Ind VS Pak