
Olympics 2028 : क्रिकेट अब आधिकारिक तौर पर ओलंपिक की मुख्यधारा में लौट आया है। 2028 में अमेरिका के लॉस एंजेलिस में आयोजित होने वाले ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों में क्रिकेट बतौर प्रतिस्पर्धात्मक खेल शामिल होगा। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) द्वारा घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, यह ऐतिहासिक मुकाबला पोमोना शहर के फेयरग्राउंड्स स्टेडियम में खेला जाएगा, जो लॉस एंजेलिस से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित है। क्रिकेट प्रतियोगिताएं 12 जुलाई से प्रारंभ होकर 29 जुलाई तक चलेंगी। स्वर्ण पदक के लिए पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों में मुकाबले क्रमशः 20 और 29 जुलाई को खेले जाएंगे।
IOC ने पुष्टि की है कि पुरुषों और महिलाओं की कैटेगरी में कुल छह-छह टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम 15 खिलाड़ियों के स्क्वाड के साथ उतरेगी, यानी कुल 180 खिलाड़ी इस वैश्विक आयोजन में हिस्सा लेंगे। सभी मैच अंतरराष्ट्रीय T20 प्रारूप में खेले जाएंगे। मेडल मुकाबलों से पहले अधिकतर दिन डबल-हेडर (एक दिन में दो मैच) के होंगे, जबकि 14 और 21 जुलाई को कोई मुकाबला नहीं खेला जाएगा।
क्रिकेट को ओलंपिक में इससे पहले केवल एक बार, साल 1900 में पेरिस ओलंपिक में शामिल किया गया था। उस समय ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस के बीच एक दो दिवसीय मैच खेला गया था जिसमें ब्रिटेन ने जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। हाल ही में अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में आयोजित हुए 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका ने क्रिकेट की अपनी बढ़ती स्वीकार्यता का उदाहरण पेश किया। ग्रैंड प्रेयरी (टेक्सास), लॉडरहिल (फ्लोरिडा) और न्यूयॉर्क जैसे अमेरिकी शहरों में हुए मैचों को दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला, जिसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए अमेरिका को एक संभावनाशील बाजार के रूप में स्थापित किया।
क्रिकेट के अलावा बेसबॉल/सॉफ्टबॉल, फ्लैग फुटबॉल, लैक्रोस (सिक्सेस) और स्क्वैश को भी 2028 ओलंपिक खेलों के लिए स्वीकृति दी गई है। लॉस एंजेलिस की मेयर कैरेन बास ने कहा, “जब दुनिया हमारे शहर में इन खेलों के लिए आएगी, तो हम एक ऐसा आयोजन प्रस्तुत करेंगे जो समावेशी हो और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत बने। Olympics 2028